जबलपुर: 121 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन, CM डॉ. मोहन यादव और JP नड्डा ने दिया आशीर्वाद

जबलपुर में बंगाली क्लब के 100 साल पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्‌डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री राकेश सिंह 121 जोड़ों के विवाह-निकाह कार्यक्रम में शामिल।

जबलपुर: 121 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन, CM डॉ. मोहन यादव और JP नड्डा ने दिया आशीर्वाद

जबलपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने जबलपुर के गैरिसन मैदान में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन में 121 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक जोड़े को 49 हजार की आर्थिक सहायता राशि का चेक वितरित किया। कार्यक्रम सामाजिक समरसता और सामूहिक सहयोग की भावना का सशक्त उदाहरण बना।

118 हिंदू जोड़ों के साथ 3 मुस्लिम जोड़ों

इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में 118 हिंदू जोड़ों के साथ-साथ 3 मुस्लिम जोड़ों ने भी विवाह एवं निकाह संपन्न किया। कार्यक्रम ने प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की एक मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और सामूहिक विवाह जैसे आयोजन गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित जबलपुर सांसद राकेश सिंह ने अपनी ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को एक-एक फ्रिज भेंट कर नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी इस आयोजन में शामिल हुए। आयोजन बंगाली क्लब के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जिसने इसे और भी ऐतिहासिक बना दिया। इस अवसर पर कई नवविवाहितों ने अपनी खुशी साझा की। दूल्हे ने बताया कि उन्हें नगर निगम के माध्यम से इस कार्यक्रम की जानकारी मिली थी और यहां आकर उन्हें बेहद अच्छा अनुभव हुआ। दुल्हन नंदिनी अहिरवार ने कहा कि इस आयोजन में शामिल होकर वह स्वयं को सम्मानित और खुश महसूस कर रही हैं।

मुख्यमंत्री की जबलपुर के उद्योगपतियों से मुलाकात

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस से लौटने के बाद जबलपुर के उद्योगपतियों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दावोस यात्रा अत्यंत सफल रही और इसके सकारात्मक परिणाम प्रदेश के औद्योगिक विकास में जल्द दिखाई देंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया। शताब्दी स्तंभ का उद्घाटन, प्रदर्शनी का अवलोकन और स्मारिका का विमोचन भी किया गया। समापन अवसर पर उन्होंने सिटी क्लब में मां काली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा पूर्व मंत्री एवं सांसद जय श्री बनर्जी को सम्मान पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने गैरिसन मैदान में आयोजित सामूहिक कन्या विवाह समारोह में जोड़ों का पुष्पवर्षा से स्वागत किया और प्रोत्साहन राशि वितरित की। साथ ही ऐतिहासिक जल मंदिर एवं दिगंबर जैन मंदिर का भ्रमण कर जैन मुनि श्री प्रमाणसागर जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।