Canada: स्कूल के अंदर चली गोलियां, 10 लोगों की मौत की खबर

ब्रिटिश कोलंबिया के टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में गोलीबारी में शूटर समेत 10 लोगों की मौत और 25 से ज्यादा घायल। स्कूल में क्लास 7 से 12 तक के कुल 175 छात्र पढ़ते हैं।

Canada: स्कूल के अंदर चली गोलियां, 10 लोगों की मौत की खबर
Canada School Shooting

टम्बलर रिज (ब्रिटिश कोलंबिया)। कनाडा के Tumbler Ridge शहर में मंगलवार को एक हाईस्कूल में हुई गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर दिया। पुलिस के अनुसार, इस घटना में हमलावर समेत कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

घटना Tumbler Ridge Secondary School में हुई, जहां कक्षा 7 से 12 तक के लगभग 175 छात्र पढ़ते हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मृतकों में कितने छात्र शामिल हैं। सेफ्टी को देखते हुए स्कूल को पूरे हफ्ते के लिए बंद कर दिया गया है।

पुलिस का बयान: हमलावर मृत मिला

Royal Canadian Mounted Police (RCMP) के नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट कमांडर केन फ्लॉयड ने बताया कि दोपहर करीब 1:20 बजे (भारतीय समयानुसार रात 2 बजे) गोलीबारी की सूचना मिली। स्कूल प्रशासन, इमरजेंसी सेवाओं और स्थानीय समुदाय के सहयोग से स्थिति पर काबू पाया गया।

पुलिस जब स्कूल के अंदर पहुंची तो कई लोग घायल और मृत अवस्था में मिले। एक संदिग्ध हमलावर भी मृत पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक उसके शरीर पर खुद को चोट पहुंचाने के निशान थे, जिससे आत्मघाती कदम की आशंका जताई जा रही है।

घायलों को एयरलिफ्ट किया गया

स्कूल के अंदर छह अन्य लोगों के शव मिले। दो गंभीर घायलों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल भेजा गया। एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। करीब 25 लोगों को हल्की चोटों के साथ स्थानीय मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।

पुलिस ने इमरजेंसी अलर्ट खत्म किया

ब्रिटिश कोलंबिया की पब्लिक सेफ्टी मंत्री Nina Krieger ने इस घटना को “दिल दहला देने वाला” बताया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

RCMP ने टम्बलर रिज में जारी इमरजेंसी अलर्ट को समाप्त कर दिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध के फरार होने की आशंका नहीं है और आम लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है। वहीं, स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने बयान जारी कर कहा कि इस दुखद घटना के कारण टम्बलर रिज के एलीमेंट्री और सेकेंडरी स्कूल पूरे हफ्ते बंद रहेंगे।