जबलपुर में बड़ा हादसा: बन रहे पुल की सेंट्रिंग गिरी, एक मजदूर की मौत, दो घायल
जबलपुर में बन रहे पुल की सेंट्रिंग गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो घायल हुए हैं। हादसे के बाद काम रोक दिया गया है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। रिंग रोड पर बन रहे पुल के पिलर की सेंट्रिंग अचानक गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह घटना न्यू भेड़ाघाट के पास ललपुर गांव की बताई जा रही है। हादसे में शेख नैरुद्दीन नाम के मजदूर की जान चली गई, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। वहीं राहिल और राजेश्वर नाम के दो मजदूर घायल हुए हैं। दोनों के हाथ और पैरों में चोट आई है।
घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पुल निर्माण का काम फिलहाल रोक दिया गया है।
बताया जा रहा है कि रिंग रोड पर यह पुल NHAI की ओर से बनवाया जा रहा है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल के निर्माण में नाबालिगों से काम कराया जा रहा था और मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम पर लगाया गया था।
DRASHTI JAIN 
