टैरिफ धमकियों के बीच ट्रंप बोले— पीएम मोदी का बहुत सम्मान, भारत के साथ जल्द होगी बड़ी ट्रेड डील
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की है। दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान ट्रंप ने कहा कि वे पीएम मोदी का बहुत सम्मान करते हैं और भारत-अमेरिका के बीच जल्द ही एक अच्छी ट्रेड डील होने की उम्मीद है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करने के बाद भारतीय मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी के प्रति उनके मन में बहुत सम्मान है। उन्होंने मोदी को बेहतरीन शख्स और दोस्त बताते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच जल्द ही एक अच्छी ट्रेड डील होने जा रही है।
गौरतलब है कि भारत-अमेरिका व्यापार वार्ताएं टूटने के बाद ट्रंप प्रशासन ने अगस्त में भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया था, जो दुनिया की सबसे ऊंची दरों में शामिल है। इसके अलावा रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर अतिरिक्त 25 फीसदी शुल्क भी लगाया गया था। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है।
जयशंकर-रुबियो बातचीत में व्यापार पर जोर
भारत और अमेरिका ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर से अधिक तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में दोनों देश लगातार संवाद कर रहे हैं। हाल ही में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच व्यापार, ऊर्जा, रक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी, जिससे संकेत मिलते हैं कि दोनों पक्ष किसी व्यापक समझौते की ओर बढ़ रहे हैं।
DRASHTI JAIN 
