अमृतसर में कपिल शर्मा के घर पर फायरिंग! कनाडा में कैफे पर भी चल चुकी हैं गोलियां

अमृतसर के Holy City इलाके में कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा के घर के बाहर गोलीबारी की खबर सामने आई है, हालांकि, पुलिस ने फायरिंग का दावों पर इनकार कर दिया है। इससे पहले कनाडा में कपिल के कैफे पर 3 बार फायरिंग हुई थी।

अमृतसर में कपिल शर्मा के घर पर फायरिंग! कनाडा में कैफे पर भी चल चुकी हैं गोलियां

कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर फायरिंग होने की खबर ने सोमवार को सनसनी फैला दी। हालांकि, पंजाब पुलिस ने अभी तक गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और लोगों को अफवाहों से बचना चाहिए। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इससे पहले कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर भी 3 बार फायरिंग हो चुकी है।

अमृतसर के Holy City इलाके में मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, अमृतसर के पॉश इलाके Holy City में स्थित कपिल शर्मा के घर के बाहर दो राउंड फायरिंग किए जाने का दावा किया गया। सूत्रों के अनुसार, बाइक सवार हमलावर मौके पर आए और फायरिंग कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि इस घर में कपिल शर्मा की बहन और जीजा रहते हैं, जबकि कपिल फिलहाल अपने परिवार के साथ मुंबई में हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया।

अमृतसर पुलिस ने गोलीबारी की पुष्टि नहीं की

फिलहाल, अमृतसर पुलिस ने गोलीबारी की पुष्टि नहीं की है। ACP कमलजीत सिंह औलख ने कहा कि जांच के दौरान अभी तक ऐसी कोई ठोस बात सामने नहीं आई है जिससे फायरिंग की पुष्टि हो सके। वहीं, अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर गैर-जिम्मेदाराना तरीके से बातें फैला रहे हैं।

पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और सही जानकारी आधिकारिक तौर पर साझा की जाएगी। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इलाके में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

कनाडा में कपिल के कैफे पर हो चुकी है फायरिंग

यह पहली बार नहीं है जब कपिल शर्मा का नाम किसी फायरिंग मामले से जुड़ा हो। इससे पहले कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे शहर में मौजूद उनके ‘Kap’s Cafe’ पर भी कई बार गोलियां चलाई जा चुकी हैं। जुलाई 2025 में कैफे पर पहली बार हमला हुआ था। उस समय हमलावरों ने करीब 9 राउंड फायरिंग की थी। बाद में इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली थी।

इसके बाद अगस्त 2025 में फिर कैफे पर फायरिंग हुई। उस घटना में कैफे की खिड़कियों पर गोलियों के निशान दिखाई दिए थे। उस समय सोशल मीडिया पर लॉरेंस गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों का नाम सामने आया था। तीसरी बार अक्टूबर 2025 में कैफे पर हमला किया गया। उस घटना की जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने लेने का दावा किया था।

कपिल शर्मा ने कहा था- डरने वाला नहीं हूं

कनाडा में पहली बार कैफे पर फायरिंग होने के बाद कपिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया था। उन्होंने कहा था कि वे हिंसा के खिलाफ मजबूती से खड़े हैं और उनका परिवार डरने वाला नहीं है। कपिल ने उन अधिकारियों और लोगों का धन्यवाद भी किया था जिन्होंने मुश्किल समय में उनका समर्थन किया।

दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि कपिल शर्मा के किसी पुराने कॉमेडी शो या लाइव कार्यक्रम में निहंग सिखों को लेकर की गई कथित टिप्पणी से कुछ लोग नाराज थे। इसी विवाद के बाद उन्हें धमकियां मिलने की बात भी सामने आई थी।

हालांकि, कपिल शर्मा ने वास्तव में क्या कहा था, इसकी स्पष्ट जानकारी कभी सामने नहीं आई। इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जाते रहे हैं। फिलहाल अमृतसर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक किसी भी संगठन या व्यक्ति ने आधिकारिक तौर पर इस कथित फायरिंग की जिम्मेदारी नहीं ली है।