इंदौर: बंद दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

इंदौर के परदेशीपुरा में पूजा सामग्री की एक दुकान में भीषण आग लग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।

इंदौर: बंद दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

इंदौर में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला परदेशीपुरा क्षेत्र का है, जहां एक बंद दुकान में अचानक आग लग गई। धुआं उठता देख राहगीरों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।

सोमवार रात परदेशीपुरा स्थित पाटनीपुरा चौराहे पर धीरेंद्र अग्रवाल की विनायक पूजन सामग्री की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान मालिक रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे, लेकिन देर रात आग लगने की सूचना मिलने पर जब वे वापस लौटे, तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था।

बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की दुकानों तक पहुंचने का खतरा बन गया था। हालांकि, समय रहते आसपास की दुकानों का सामान खाली करा लिया गया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। फायर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शटर तोड़कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।