Valmiki Community Protest : सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन, गांधी प्रतिमा के नीचे कराया मुंडन
Valmiki Community Protest : वाल्मीकि सेवा के अध्यक्ष इंजीनियर संतोष कल्याणे ने नगर निगम और परिषद पर कर्मचारियों की मांगों को लेकर ठोस निर्णय नहीं लेने का आरोप लगाया है।
Valmiki Community Protest : मध्य प्रदेश। इंदौर में सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर एक बार फिर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। तीन दिनों तक हड़ताल के बाद काम पर लौटे सफाई कर्मचारी अब भी अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। इसी कड़ी में वाल्मीकि समाज के लोगों ने रीगल चौराहे पर गांधी प्रतिमा के नीचे मुंडन कराकर विरोध जताया। वाल्मीकि सेवा के अध्यक्ष इंजीनियर संतोष कल्याणे ने नगर निगम और परिषद पर कर्मचारियों की मांगों को लेकर ठोस निर्णय नहीं लेने का आरोप लगाया है।
ये है पूरा मामला
दरअसल, इंदौर में सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर जारी विरोध अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दिनों नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में तीन दिनों तक काम बंद रखा था, जिसके चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।
चौथे दिन नगर निगम आयुक्त के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर वापसी कर ली थी, लेकिन उनकी मांगों को लेकर विरोध लगातार जारी है। इसी क्रम में आज वाल्मीकि सेवा के अध्यक्ष इंजीनियर संतोष कल्याणे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग रीगल चौराहे स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंचे। यहां समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में गांधी प्रतिमा के नीचे मुंडन कराया।
वाल्मीकि सेवा के अध्यक्ष इंजीनियर संतोष कल्याणे का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण के कारण ही इंदौर लगातार आठ वर्षों से स्वच्छता में नंबर वन रहा है। इसके बावजूद कर्मचारियों की मांगों को लेकर नगर निगम और परिषद की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
इसी के विरोध में समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की और मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की, मिजोरम उन्होंने कहा कि श्राद्ध पक्ष में हमारे द्वारा अपनी मांगों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, लेकिन सफाई कामगार आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया, इंदौर नगर निगम के आयुक्त क्षितिज सिंगल और इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस लेने नहीं ले रहे हैं, इसलिए उनका तर्पण भी किया गया है।
वही अपनी मांगों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे इंदौर नगर निगम की सफाई कर्मियों को लेकर कांग्रेस के प्रदेश सचिव अमन बजाज ने भी उनका समर्थन करते हुए कहा कि स्वच्छता में आठ बार इंदौर को नंबर वन लाने का श्रेय इंदौर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को ही जाता है, ऐसे में अगर उन सफाईकर्मियों को ही अपनी मांगों को लेकर परेशान होना पड़े तो यह इंदौर शहर के लिए विचारणीय प्रश्न है। इसलिए उनकी मांगों को लेकर निगम के अधिकारी, महापौर और पूरी परिषद को कोई ठोस निर्णय जल्द ही लेना चाहिए।

