Maihar Murder Case : मैहर आधी रात घर में घुसकर किसान की हत्या, पत्नी-बेटी समेत परिवार के चार सदस्य घायल

Maihar Murder Case : पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

Maihar Murder Case : मैहर आधी रात घर में घुसकर किसान की हत्या, पत्नी-बेटी समेत परिवार के चार सदस्य घायल

Maihar Murder Case : मध्य प्रदेश। मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनवारी गांव में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने खेत में बने घर के बाहर बरामदे में खाट पर सो रहे 40 वर्षीय किसान रज्जन सिंह पटेल की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर बाहर आए परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया, जिसमें पत्नी, बेटी, बेटा और बुजुर्ग दादी घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

कुल्हाड़ी से किया हमला 

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। किसान रज्जन सिंह पटेल खेत में बने घर के बाहर बरामदे में खाट पर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर सोए हुए थे। इसी दौरान करीब आधा दर्जन अज्ञात हमलावरों ने उन पर कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण किसान की मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार के अन्य सदस्यों पर भी किया जानलेवा हमला 

मृतक की पत्नी अंजना पटेल के अनुसार, पति पर हमला होने के बाद चीख-पुकार सुनकर वह घर से बाहर निकलीं। उनके साथ आठ वर्षीय बेटी रागिनी सिंह पटेल, 12 वर्षीय बेटा अनिकेत पटेल और बुजुर्ग दादी लल्ली सिंह पटेल भी बाहर आए। आरोप है कि हमलावरों ने इन सभी पर भी हमला कर दिया।

इस घटना में अंजना पटेल के सिर में, लल्ली सिंह पटेल के सिर और आंख के पास तथा बेटी रागिनी के सिर में चोटें आई हैं। बेटे अनिकेत को भी मामूली चोट लगने की जानकारी सामने आई है। परिवार के मुखिया की हत्या और अन्य सदस्यों के घायल होने से ग्रामीण स्तब्ध हैं।

संदिग्ध लोगों से पुलिस कर रही पूछताछ 

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सीएसपी महेंद्र सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। डायल 112 की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल महर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।