07 April 2026: धार भोजशाला केस को लेकर HC की सुनवाई से लेकर DAVV में NSUI के हंगामे तक, पढ़ें आज की इंदौर की खबरें

किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान। 9 अप्रैल को प्रदेशभर में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव करेगी पार्टी।

07 April 2026: धार भोजशाला केस को लेकर HC की सुनवाई से लेकर DAVV में NSUI के हंगामे तक, पढ़ें आज की इंदौर की खबरें

धार भोजशाला विवाद, इंदौर हाईकोर्ट में दूसरे दिन की सुनवाई

धार के भोजशाला स्थित विवादित जमीन मामले को लेकर इंदौर हाईकोर्ट में नियमित सुनवाई के दूसरे दिन हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस ने दूसरे दिन भी अपने पक्ष रखे। जिसमें उन्होंने अयोध्या में वक्फ बोर्ड और राम जन्मभूमि को लेकर सुप्रीम कोर्ट के माननीय जजों के फैसले को न्यायालय के सामने प्रस्तुत किया। इस मामले में बुधवार को हिंदू पक्ष फिर से नए तथ्य और साक्ष्य प्रस्तुत करेगा।

दरअसल धार भोजशाला को लेकर 2022 से जारी सुनवाई को इंदौर की डबल बैंच ने सोमवार से नियमित सुनवाई में शामिल किया है। जिसके तहत मंगलवार को फिर से हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस के सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने दूसरे दिन नए तथ्य प्रस्तुत किए, उन्होंने सबसे पहले कमाल मौला मस्जिद के निर्माण पर तथ्य प्रस्तुत किए साथ ही उनकी मौत को लेकर भी अलग अलग भ्रांतियों की जानकारी दी।

इसके साथ ही वक्फ बोर्ड के द्वारा ली गई आपत्तियों और धार्मिक स्थलों की जमीन पर कब्जों को लेकर तथ्य प्रस्तुत किए और कमाल मौला मस्जिद पर भी आपत्ति ली, साथ ही अयोध्या के राम मंदिर के समय सुप्रीम कोर्ट में पांच न्यायाधीशों द्वारा दिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि फैसले में कहा गया है कि किसी भी हिन्दू धर्म स्थल को तोड़कर बनाए गए नए स्थल के बाद भी वह जगह हिंदू धर्म स्थल ही कहलाएगा। इन सभी मुद्दों को दोनों ही न्यायाधीशों ने रिकॉर्ड में शाम किया है और कल बुधवार को दोपहर ढाई बजे से तीसरे दिन की सुनवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं।

NSUI नेताओं का DAVV की अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन

मूल्यांकन कार्य में गड़बड़ी, बीएड, एमबीए के  खराब रिजल्ट, ऑडिटोरियम की उपलब्धता, कॉन्ट्रैक्ट आवंटन में भ्रष्टाचार, लाइब्रेरी की सुविधा बढ़ाने सहित अन्य कई मांगों को लेकर छात्र संगठन एनएसयूआई ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के प्रशासनिक संकुल नालंदा परिसर पर जंगी प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कई बार झड़प, झूमझटकी भी हुई।

दरअसल, इंदौर में छात्र संगठन एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने डीएवीवी में व्याप्त विभिन्न अनियमितताओं और  छात्र छात्राओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने डीएवीवी के नालंदा परिसर के मुख्य द्वार पर ही बेरिकेडिंग कर दी थी। एनएसयूआई के आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बेरिकेड्स तोड़ते हुए अंदर घुसने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया।

यहीं पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई और जमकर धक्का मुक्की हुई। प्रदर्शन को लेकर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रजत पटेल, प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े, एनएसयूआई प्रभारी रवि डांगी, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चौकसे, अमित चौरसिया सहित अन्य भी मौजूद रहे। 

एनएसयूआई नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और संगठन से जुड़े स्टूडेंट्स मौजूद रहे। एनएसयूआई ने डीएवीवी की विभिन्न परीक्षाओं के मूल्यांकन में गड़बड़ी, डीएवीवी के कॉन्ट्रैक्ट में धांधली, बीएड-एमबीए के खराब रिजल्ट, ऑडिटोरियम की उपलब्धता, वॉटर कूलर बदलने, लाइब्रेरी की सुविधा शनिवार - रविवार को भी शुरू करने जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके विरोध में ही एनएसयूआई मैदान में उतरी है।

हालांकि, एनएसयूआई के छात्र डीएवीवी अधिकारियों को ज्ञापन नहीं दे पाए जबकि डीएवीवी के अधिकारी मांगों के संबंध में चर्चा करने और ज्ञापन लेने के खड़े थे। इससे पहले ही बेरिकेड पर चढ़े एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रजत पटेल सहित अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस 9 अप्रैल को प्रदेशभर में कलेक्टर कार्यालय घेरेगी

मध्यप्रदेश में किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर 9 अप्रैल को पूरे प्रदेश में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। इसको लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर किसानों की अनदेखी के आरोप लगाए हैं। इंदौर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान आज आर्थिक संकट से जूझ रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है।

सज्जन सिंह वर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य, फसल नुकसान और कर्ज माफी जैसे अहम मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। कांग्रेस ने ऐलान किया है कि 9 अप्रैल को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित होंगे, कलेक्टर कार्यालयों का घेराव करेंगे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं को उठाएंगे।

अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और कई राज्यों में उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी वसीम खान को गिरफ्तार किया है। वहीं, पहले पकड़े गए आरोपी रिजवान खोकर, फैजान मंसूरी, समीर लकारा और काजल उपाध्याय से पूछताछ के दौरान वसीम का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजस्थान से धर दबोचा।

इससे पहले क्राइम ब्रांच टीम आरोपियों के कब्जे से 24.08 ग्राम एमडी जब्त कर चुकी है। जांच में सामने आया है कि वसीम खान अन्य राज्यों से मादक पदार्थ लाकर इंदौर में सप्लायर्स को उपलब्ध कराता था। बताया जा रहा है कि आरोपी मजदूरी का काम करता था, लेकिन साथ ही ड्रग तस्करी में भी सक्रिय था। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस से बचने के लिए भागने की कोशिश की, इसके साथ ही उसके परिजनों ने भी कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों से विवाद करने की कोशिश करी थी, जिसका वीडियो भी सामने आया है।  इस आरोपी पर राजस्थान और मध्यप्रदेश में करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि इंदौर में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो केस पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

मैट्रिमोनियल साइट पर NRI बनकर की ठगी, 10 लाख से ज्यादा की हुई धोखाधड़ी

इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती को एनआरआई बनकर ठगों ने अपना शिकार बनाया। आरोपी ने खुद को विदेश में गाड़ियों का शोरूम संचालक बताया और मैट्रिमोनियल साइट के जरिए युवती से संपर्क किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने युवती के लिए विदेश से महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा दिया और युवती से 10 लाख रुपए से ज्यादा की रकम ठग ली। आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट के जरिए युवती की प्रोफाइल पसंद कर उससे संपर्क किया और खुद को एनआरआई बताते हुए भरोसा जीत लिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने युवती को विश्वास में लेकर विदेश से गिफ्ट भेजने की बात कही।

कुछ समय बाद युवती को एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को दिल्ली कस्टम विभाग का अधिकारी बताया और कहा कि विदेश से आया पार्सल कस्टम में फंसा हुआ है। उसे छुड़ाने के लिए कस्टम ड्यूटी, एक्साइज ड्यूटी और प्रोसेसिंग फीस जमा करनी होगी। युवती आरोपी की बातों में आ गई और अलग-अलग किस्तों में 10 लाख रुपए से ज्यादा की रकम ट्रांसफर कर दी। जब लंबे समय तक ना तो कोई पार्सल मिला और ना ही आरोपी से संपर्क हो पाया, तब युवती को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने हीरानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

एरोड्रम क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर विवाद हिंसक, जिम संचालक पर तलवार से हमला

इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर हुआ एक मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। पड़ोसी ने जिम संचालक आशू व्यास पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी घटना 60 फीट रोड पर हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हमले के दौरान पीड़ित ने हाथ से तलवार रोककर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल तस्वीरों में आप साफ देख सकते हैं कि किस तरह एक व्यक्ति तलवार लेकर हमला करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि कार पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोपी ने गुस्से में आकर तलवार से जिम संचालक आशू व्यास पर हमला कर दिया। हमले के दौरान आशू व्यास ने साहस दिखाते हुए अपने हाथ से तलवार को रोका, जिससे उनकी जान बच सकी, हालांकि उन्हें चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को काबू में किया। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

ड्रोन टेक्नोलॉजी से पकड़ाया एक साल के फरार चल रहा आरोपी

इंदौर की कनाडिया थाना पुलिस ने पिछले साल बायपास की कॉलोनियों के चार घरों में चोरी करने वाले अंतरराज्जीय गिरोह के एक आरोपी को ड्रोन टेक्नोलॉजी की सहायता से गिरफ्तार किया है। यह आरोपी एक साल से फरार था जिसे तीन दिन तक ड्रोन से निगरानी कर पकड़ा गया है। दरअसल इंदौर के कनाडिया थाना क्षेत्र में पिछले साल मई और जून महीने में संपत हिल्स सहित तीन अन्य जगह चोरियों को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ दिन बाद ही गिरफ्तार कर लिया थाय़ लेकिन मुख्य आरोपी परमिंदर लंबे समय से फरार चल रहा था और कनाडिया थाना पुलिस आरोपी की तलाश कर रही।

इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि परमिंदर फरारी काटने के लिए अपने मामा के घर भानगढ़ जिला भिवानी पहुंचा है। जिसके बाद कनाडिया थाना प्रभारी सहर्ष यादव के नेतृत्व में एक तीन भानगढ़ भेजी गई। जहां पुलिस ने आरोपी पर निगाह रखने के लिए ड्रोन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया और लगातार तीन दिनों तक आरोपी की निगरानी की गई। मौका मिलते ही पुलिस ने आरोपी परमिंदर को पकड़ा और उसके साथ चोरी में इस्तेमाल की गई एक आई 10 नियोस कार सहित चोरी किया गया 15 लाख रुपए के सोने चांदी के आभूषण भी जब्त किए है। पुलिस आरोपी को इंदौर लेकर पहुंची और कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया गया है।