इंदौर: MGM मेडिकल कॉलेज में लापरवाही, डेढ़ माह के मासूम का अंगूठा कटने वाली नर्स सस्पेंड
इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के न्यू चेस्ट वार्ड में लापरवाही का गंभीर। डेढ़ माह के मासूम का अंगूठा कटकर अलग हो गया। डीन ने नर्सिंग ऑफिसर को सस्पेंड करने से साथ ही तीन नर्सिंग इंचार्ज का 1-1 माह का वेतन रोका।
इंदौर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के न्यू चेस्ट वार्ड में नर्सिंग लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां निमोनिया के इलाज के लिए भर्ती डेढ़ माह के मासूम बच्चे का अंगूठा नर्स की गलती से कट गया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बेटमा के बजरंगपुरा गांव निवासी अंजुबाई के डेढ़ माह के बच्चे को 24 दिसंबर को निमोनिया के चलते न्यू चेस्ट वार्ड में भर्ती कराया गया था। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बच्चे के हाथ में लगे इंट्रा कैथ के टेप को नर्सिंग ऑफिसर कैंची से काट रही थी। इसी दौरान लापरवाही के चलते कैंची बच्चे के अंगूठे पर लग गई, जिससे अंगूठा कटकर अलग हो गया।
घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। हादसे के बाद नर्सिंग ऑफिसर को चक्कर आ गए। मौके पर मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ ने तुरंत बच्चे को संभाला और प्राथमिक उपचार किया।

बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल इंदौर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां प्लास्टिक सर्जन की टीम ने ऑपरेशन कर कटे हुए अंगूठे को सफलतापूर्वक जोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने संबंधित नर्सिंग ऑफिसर आरती श्रोत्रिय को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही तीन नर्सिंग इंचार्ज का एक-एक माह का वेतन रोकने के आदेश दिए गए हैं।
डीन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है, जिसकी अध्यक्षता एमवायएच अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव कर रहे हैं। समिति में न्यू चेस्ट वार्ड प्रभारी डॉ. निर्भय मेहता, डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. रोहित बडेरिया और नर्सिंग सुपरिटेंडेंट दयावती दयाल को शामिल किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
