इंदौर में फिर आगजनी की घटना: बेकरी फैक्ट्री में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
सिंहासा गांव में बेकरी फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हुआ लाखों का नुकसान
इंदौर। सिंहासा गांव में स्थित एक बेकरी फैक्ट्री में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई और अंदर रखा तैयार माल व कच्चा सामान जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार, धार रोड पर स्थित सुफ्फा बेकरी में सुबह अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में लगभग 10 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया, तब जाकर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

फैक्ट्री में टोस्ट, कुकीज, क्रीम रोल सहित कई बेकरी उत्पाद बनाए जाते थे। आग लगने से तैयार प्रोडक्ट के साथ-साथ बड़ी मात्रा में रखा कच्चा माल भी नष्ट हो गया। इस घटना से फैक्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिसका आकलन फिलहाल किया जा रहा है। आग के दौरान उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। पास में अन्य कारखाने और गोदाम होने के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती थी, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

मौके पर मध्य प्रदेश पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर इलाके की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। फिलहाल अधिकारी मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Varsha Shrivastava 
