12 April 2026: तीन निजी स्कूल संचालकों के खिलाफ केस दर्ज, पढ़ें आज की इंदौर की खबरें
युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला। भक्त प्रहलाद नगर में खड़ी मर्सिडीज कार में लगी भीषण आग।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन निजी स्कूल संचालकों के खिलाफ केस
इंदौर शहर में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मामला सामने आया है, जिसमें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन निजी स्कूल संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। यह कार्रवाई प्रशासन के निर्देश के बाद की गई है और इसे अभिभावकों की शिकायतों पर गंभीरता से लिया जा रहा है। दरअसल, इंदौर जिला कलेक्टर तक यह शिकायत लगातर पहुंच रही थी कि कुछ निजी स्कूलों के संचालक अपने ही संस्थान में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर दबाव बना रहे थे कि वे कॉपी-किताब और अन्य शैक्षणिक सामग्री केवल स्कूल से जुड़ी निर्धारित दुकानों से ही खरीदें।

आरोप है कि इन स्कूल संचालकों ने अपनी ही स्टेशनरी दुकानों या उनसे जुड़े विक्रेताओं से सामान खरीदने के लिए अनिवार्यता जैसा माहौल बना दिया था, जिससे अभिभावकों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन के निर्देशों के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों राजेंद्र नगर थाना तिलक नगर थाना और विजय नगर थाने में संबंधित स्कूल संचालकों के खिलाफ कार्यवाही की गई है ओर विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।
युवक की बेरहमी से हत्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुंदन नगर स्थित वाइन शॉप के पास हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। बीती रात एफआरवी 112 को सूचना मिली थी कि एक करीब 30 वर्षीय युवक वाइन शॉप के पास गंभीर हालत में लहूलुहान पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, हालांकि उसके हाथ पर गुदे ‘ॐ’ के निशान के आधार पर पुलिस पहचान करने की कोशिश कर रही है। आसपास के थानों और कॉलोनियों में गुमशुदगी की जानकारी भी खंगाली जा रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक अपने कुछ साथियों के साथ खाली मैदान में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि साथियों ने ईंट-पत्थरों से उसके सिर पर हमला कर दिया और उसे मौत के घाट उतारकर फरार हो गए।
हॉस्टल संचालिका की निजता भंग करने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
इंदौर में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक हॉस्टल संचालिका की निजता भंग करने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एक हॉस्टल संचालिका ने उसी हॉस्टल में रहने वाले कृष्ण नाम के युवक ने महिला के नहाते समय उसका वीडियो बनाने का प्रयास किया।

घटना उस समय सामने आई जब महिला को संदेह हुआ और उसने मौके पर ही युवक को ऐसा करते हुए देख लिया। इसके बाद पीड़िता ने बिना देर किए भवरकुआ थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रकरण दर्ज किया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
खड़ी मर्सिडीज कार में लगी भीषण आग, तीन दोपहिया वाहन भी जले
इंदौर से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां भक्त प्रहलाद नगर इलाके में खड़ी एक लग्ज़री मर्सिडीज कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ी अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं और कुछ ही मिनटों में सभी वाहन धू-धू कर जलकर खाक हो गए।

घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती, पुलिस की कार्रवाई में 12 वाहन पकड़े
इंदौर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त नजर आ रही है। इंदौर की विजयनगर पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 12 वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई, जिनमें से 3 बड़े वाहन जब्त किए गए। जब्त किए गए वाहनों में दो यात्री बसें और एक आयशर वाहन शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इसके साथ ही विजयनगर थाना पुलिस ने संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने और वाहनों के रजिस्ट्रेशन रद्द कराने के लिए परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
लसुड़िया में स्ट्राइकर पब के बाहर मारपीट, मैनेजर से बदसलूकी का वीडियो वायरल
इंदौर में एक पब के बाहर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। लसुड़िया इलाके में स्थित एक पब के बाहर कुछ युवकों द्वारा मैनेजर के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह घटना स्ट्राइकर पब के पास की है, जहां आरोपी युवक बिना पैसे दिए पब में प्रवेश की मांग कर रहे थे।

मैनेजर द्वारा मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने पीड़ित मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी आनंद त्रिपाठी लंबे समय से उसका परिचित था और उसने शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता को आरोपी की नीयत पर संदेह हुआ और उसने शादी की बात कही, तो आरोपी मुकर गया।

इसके बाद पीड़िता ने विजय नगर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी।
शेयर मार्केट में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा
इंदौर शहर में भोले-भाले निवेशकों को शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। शहर में संचालित एक आई टी कंपनी की आड़ में एडवाइजरी कंपनी संचालित की जा रही थी। इस मामले में थाना तुकोगंज पुलिस ने तीन थानों के बल के साथ मिलकर त्वरित कार्रवाई करते हुए बास्केटबॉल कॉम्पलेक्स के सामने संचालित इंफिनिक्स इन्फोटेक कंपनी के कार्यालय पर छापा मारकर बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है।

दरअसल इंदौर के अभय प्रशाल के सामने इंफिनिक्स इन्फोटेक प्रायवेट लिमिटेड कंपनी की आड़ में फर्जी एडवाइजरी कंपनी संचालित की जा रही थी, जहां कंपनी में 210 से अधिक युवक युवतियों को सॉफ्टवेयर और निवेश के लिए लोगों को आकर्षित किए जाने पर तगड़ा इंसेंटिव दिया जाता था। कंपनी के छह से ज्यादा संचालक सभी कर्मचारियों को टास्क देते थे। कंपनी के एक संचालक मनीष पांडे ने देपालपुर के एक व्यक्ति नीतीश भगत को फोन लगाकर शेयर मार्केट में इन्वेस्ट किए जाने का लालच दिया गया था।

जब भगत ने शेयर मार्केट की जानकारी ना होने की बात कही तब मनीष ने एक महिला से बात करवाई और भगत को विश्वास में लेकर भगत से चार लाख अस्सी हजार से ज्यादा इन्वेस्ट करवए गए। जिसके बाद मनीष और महिला द्वारा भेजे गए मोबाइल एप्लीकेशन और कंप्यूटर सॉफ्टवेयर पर भगत का पैसा बढ़ता हुआ दिखाई दिया। लेकिन जब भगत ने पैसे निकलना चाहे तो उन्हे ठगी की जानकारी लगी जिसके बाद भगत ने कंपनी के संबंधित थाना क्षेत्र तुकोगंज में शिकायत की थी। कंपनी में दबिश दी तो करीब ढाई सौ से ज्यादा कर्मचारी काम करते मिले। अचानक हुई दबिश से ऑफिस में हड़कंप मच गया था।

कार्रवाई में पुलिस टीम ने मौके से 23 CPU, 14 लैपटॉप, DVR, मॉनिटर, 66 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड, चेकबुक और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल लोगों को ठगने के लिए किया जा रहा था। मामले में कंपनी के संचालक मनीष पांडे सहित अनिमेष चौहान, संदीप त्यागी, अनुराग सैंडलानी और नेहा जैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता नितिश भगत के मुताबिक आरोपियों ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर पहले छोटे मुनाफे का लालच दिया, फिर टर्मिनल खरीदने और बड़े रिटर्न के नाम पर करीब 4.80 लाख रुपये की ठगी कर ली। इसी गिरोह ने अन्य राज्यों के लोगों को भी निशाना बनाया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और संभावना है कि ठगी का यह आंकड़ा करोड़ों तक पहुंच सकता है।
Varsha Shrivastava 
