इंदौर: नौकरी का झांसा देकर महिला के चांदी के गहने लेकर फरार शातिर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

इंदौर में 200 CCTV खंगालने के बाद पकड़ा गया ठग, मजदूरी दिलाने के नाम पर की थी वारदात, 500 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद

इंदौर: नौकरी का झांसा देकर महिला के चांदी के गहने लेकर फरार शातिर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

इंदौर की चंदन नगर पुलिस ने मजदूरी दिलाने का झांसा देकर महिला के चांदी के आभूषण हड़पने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला को जैन मंदिर में काम दिलाने का लालच देकर विश्वास में लिया और उसके गहने लेकर फरार हो गया था। जिसमें पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

दरअसल यह मामला 12 जून का है, जब एक महिला खजराना चौराहे पर मजदूरी के लिए खड़ी थी। इसी दौरान एक व्यक्ति उसके पास पहुंचा और चंदन नगर क्षेत्र के एक जैन मंदिर में खाना बनाने का काम दिलाने का झांसा देते हुए 600 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलने की बात कही। महिला उसकी बातों में आ गई और आरोपी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर चली गई।

वहीं, आरोपी महिला को पहले सराफा क्षेत्र और फिर ग्राम सिंहासा लेकर पहुंचा। वहां उसने महिला से कहा कि मंदिर में गहने पहनकर काम करने की अनुमति नहीं है। आरोपी ने महिला को विश्वास में लेकर उसके चांदी के आभूषण उतरवा लिए और मंदिर में बात करने का कहकर मौके से फरार हो गया।

शिकायत मिलने के बाद चंदन नगर पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े मार्गों पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जितेंद्र राठौर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।