हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, पंजाब किंग्स के शशांक सिंह को भी मिली जगह

Hong Kong Sixes 2026: पंजाब किंग्स के स्टार बल्लेबाज शशांक सिंह को हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। भुवनेश्वर कुमार टीम की कप्तानी करेंगे।

हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, पंजाब किंग्स के शशांक सिंह को भी मिली जगह

Hong Kong Sixes 2026: हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। पंजाब किंग्स के स्टार बल्लेबाज शशांक सिंह को भी 7 सदस्यीय भारतीय टीम में जगह मिली है। टीम की कप्तानी अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार करेंगे। टूर्नामेंट 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक खेला जाएगा।

शशांक सिंह को पहली बार भारत की टीम में जगह

शशांक सिंह के लिए यह चयन खास है। वह इससे पहले भारतीय सीनियर टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेल चुके हैं। हालांकि, IPL में पंजाब किंग्स के लिए उनके आक्रामक बल्लेबाजी प्रदर्शन ने उन्हें पहचान दिलाई है। खासकर तेज रन बनाने और मैच के आखिरी ओवरों में बड़े शॉट लगाने की उनकी क्षमता को देखते हुए उन्हें हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज के लिए चुना गया है। 

भुवनेश्वर कुमार करेंगे कप्तानी

भारतीय टीम की कमान अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को सौंपी गई है। भुवनेश्वर ने भारत के लिए आखिरी बार 2022 में खेला था। अब वह हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज में दोबारा भारतीय टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे।

हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज के लिए भारत की पूरी टीम

  • भुवनेश्वर कुमार (कप्तान)
  • क्रुणाल पंड्या
  • शशांक सिंह
  • राहुल तेवतिया
  • नितीश राणा
  • राहुल त्रिपाठी
  • टी. नटराज

शशांक सिंह और राहुल तेवतिया को छोड़कर इस टीम के बाकी खिलाड़ी भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं।

क्या है हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज?

हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज क्रिकेट का एक तेज और रोमांचक फॉर्मेट है, जिसमें मैदान पर एक टीम के 6 खिलाड़ी होते हैं। इस फॉर्मेट में बल्लेबाजों से तेजी से रन बनाने और गेंदबाजों से तुरंत प्रभाव डालने की उम्मीद रहती है। 2026 का टूर्नामेंट 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हॉन्गकॉन्ग के Tin Kwong Road Recreation Ground में खेला जाएगा। भारत को पूल C में पाकिस्तान और UAE के साथ रखा गया है। 

पाकिस्तान है डिफेंडिंग चैंपियन

पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतरेगा। उसने 2025 के फाइनल में कुवैत को हराकर खिताब अपने नाम किया था। 2026 के टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें 8 प्रमुख क्रिकेटिंग देश और 4 एसोसिएट टीमें शामिल हैं।