Satna News : बुजुर्ग पर जानलेवा हमले के आरोप में पिता-पुत्र बंदी

Satna News : मुख्य आरोपी सत्यम की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम द्वारा दबिश दी जा रही है। पूछताछ के बाद पिता-पुत्र को जेल भेज दिया गया है।

Satna News : बुजुर्ग पर जानलेवा हमले के आरोप में पिता-पुत्र बंदी

Satna News : सतना, मध्य प्रदेश। सिविल लाइन थाना अंतर्गत पन्ना नाका उमरी में बुजुर्ग पर चाकू से प्राणघातक हमला करने के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है। 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 7 अक्टूबर की शाम को उमरी हनुमान मंदिर के पास रहने वाले रामगोपाल पुत्र बाला प्रसाद पांडेय 75 वर्ष, अपने घर पर मौजूद थे, तभी आरोपी सत्यम गर्ग अपने पिता धीरेन्द्र कुमार पुत्र द्वारिका प्रसाद गर्ग 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-2 उमरी और बड़े भाई नीलेश्वर कुमार गर्ग 24 वर्ष, के साथ आ धमका। 

आरोपियों ने पुराने विवाद के चलते बुजुर्ग के बेटे भइया पांडेय की तलाश के लिए घर में घुसने का प्रयास किया तो रामगोपाल पांडेय सामने आ गए। तब आरोपियों ने उन पर ही चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया और भाग गए। 

बुजुर्ग को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजने के साथ उनके बयान पर गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध करते हुए चौबीस घंटे के अंदर आरोपी धीरेन्द्र और नीलेश्वर को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया। इसके साथ ही मुख्य आरोपी सत्यम की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।