डिप्टी CM के OSD पर 1 करोड़ लेने का आरोप : ठगी का आरोपी बोला - 50 लाख नकद और 50 लाख किये ट्रांसफर
Deepam Raichura Bribery Allegations : 930 करोड़ रुपए की ठगी के आरोपी मोहित गोगिया ने फर्जी बैंक FDR को मंजूरी दिलाने और बिना लाइसेंस शराब की सप्लाई में मदद करने के आरोप भी लगाए हैं।
Deepam Raichura Bribery Allegations : भोपाल। मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के OSD दीपम रायचूरा पर करीब 930 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में आरोपी मोहित गोगिया ने गंभीर आरोप लगाए हैं। गोगिया के कथित बयान के मुताबिक, भोपाल में शराब दुकानों का ठेका दिलाने के बदले एक करोड़ रुपये दिए गए। इसमें 50 लाख रुपये नकद और 50 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर करने का दावा किया गया है।
शराब ठेके और फर्जी FDR का मामला
कथित बयान में दावा किया गया है कि वर्ष 2024-25 में टीटी नगर की दो शराब दुकानों का ठेका जसवंत कुमार के नाम पर दिलाने में मदद की गई। आरोप है कि ठेके के लिए जरूरी बैंक गारंटी के बदले फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट रसीद (FDR) को मंजूरी दिलाने में भी सहायता की गई। बयान में बिना लाइसेंस शराब की आपूर्ति और बिक्री में मदद करने के आरोप भी लगाए गए हैं। इन दावों की जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है।

दीपम रायचूरा ने आरोपों को नकारा
दीपम रायचूरा ने सभी आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें किसी जांच एजेंसी से नोटिस नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग में पदस्थ रहने के दौरान लाइसेंसधारी के तौर पर गोगिया से मुलाकात हुई होगी। वहीं, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

डिप्टी CM जगदीश देवड़ा के OSD दीपम रायचूरा
जीतू पटवारी ने SIT जांच की मांग की
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। उन्होंने हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में विशेष जांच दल (SIT) बनाने की मांग रखी है। पटवारी ने शराब ठेकों, बैंक खातों और कथित लेनदेन की जांच के साथ समयसीमा तय करने की बात भी कही है। उन्होंने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जीतू पटवारी ने 6 मांगें रखीं
- हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में स्वतंत्र SIT बने।
- शराब ठेकों, बैंक FDR और कथित लेन-देन की जांच हो।
- 50-50 लाख रुपए के भुगतान और बैंक खातों की पड़ताल हो।
- जांच की समय-सीमा तय की जाए।
- कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की जाए।
- दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
930 करोड़ की ठगी का आरोपी जेल में
मोहित गोगिया पर करीब 200 लोगों से लगभग 930 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। वह फिलहाल पंजाब की जेल में बंद है। आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी उसके खिलाफ कार्रवाई कर चुके हैं। उसकी कुछ संपत्तियां फ्रीज की गई हैं। मामले में सामने आए आरोपों की सच्चाई जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

930 करोड़ रुपए की ठगी का आरोपी मोहित गोगिया

