Indore Online Betting : इंदौर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
Indore Online Betting : इंदौर क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक फ्लैट से लैपटॉप और मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे थे।
Indore Online Betting : मध्य प्रदेश। इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महालक्ष्मी नगर स्थित एक फ्लैट से ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने सट्टेबाजी के हिसाब-किताब से जुड़े करीब 7 करोड़ रुपये के लेन-देन का रिकॉर्ड रखने वाले रजिस्टर जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।
ये है पूरा मामला
दरअसल, इंदौर में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी महालक्ष्मी नगर स्थित एक फ्लैट से लैपटॉप और मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे थे।
इसके लिए powerdreams.com नामक वेबसाइट के पैनल का इस्तेमाल किया जा रहा था, जहां हार-जीत पर दांव लगाए जाते थे। सट्टेबाजी की रकम जमा कराने के लिए आरोपियों द्वारा अलग-अलग बैंक खातों में पैसे डलवाए जाते थे। इसके बाद यूपीआई आईडी के माध्यम से लेन-देन किया जा रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़े करीब 7 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड वाले रजिस्टर जब्त किए हैं। वही इस मामले की जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी में भारी कर्ज होने के बाद उसे चुकाने के लिए आरोपियों ने अवैध सट्टे का संचालन शुरू किया था। फिलहाल क्राइम ब्रांच थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।

