06 April 2026: दुल्हन लेकर लौट रही बारात की गाड़ी हुई हादसे का शिकार, 4 लोगों की दर्दनाक मौत; पढ़ें इंदौर की आज की खबरें

बच्चा चोर समझकर भीड़ ने कर्नाटक की लेखिका को पीटा। 1.5 महीने बाद भी नहीं दर्ज हुई FIR। तीन तलाक पर किताब लिखने आई थीं इंदौर।

06 April 2026: दुल्हन लेकर लौट रही बारात की गाड़ी हुई हादसे का शिकार, 4 लोगों की दर्दनाक मौत; पढ़ें इंदौर की आज की खबरें
Indore News Today

दुल्हन लेकर लौट रही बारात की गाड़ी हुई हादसे का शिकार

इंदौर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां दुल्हन लेकर लौट रही बारातियों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने संभाला।

दरअसल यह हादसा खुड़ैल थाना क्षेत्र के ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास देर रात हुआ, जब भूसे से भरे एक आयशर वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया। उसके पीछे चल रही क्वालिस गाड़ी अनियंत्रित होकर आयशर से जा टकराई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इरफान, आरिश और फरहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरिस नामक युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सभी मृतक सदर बाजार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे के वक्त कार में कुल 11 लोग सवार थे। वहीं, हादसे में सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज एमवाय अस्पताल में जारी है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मौके पर चक्का जाम कर दिया और आयशर वाहन में आग लगाने का प्रयास भी किया। जिसमें परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस की समझाइश पर मामला शांत हुआ। फिलहाल, खुड़ैल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

बच्चा चोरी समझकर भीड़ ने कर्नाटक की लेखिका पीटा दिया

तलाक के बाद गुजारा भत्ते की मांग को लेकर देश भर में चर्चा में रहे शाहबानो प्रकरण से जुड़ी किताब लिखने इंदौर पहुंची एक राइटर महिला मॉब लीचिंग जैसी घटना की शिकार हो गई, शाहबानो के परिजनों ने "डेटा चोर का आरोप लगाया, लेकिन क्षेत्र के लोगों ने उसे बेटा चोर समझकर महिला की पिटाई कर दी, यही नहीं महिला को कई घंटे थाने में बिताना पड़े, लेकिन घटना के डेढ़ महीने बाद भी पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम है, महिला की शिकायत के बाद पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

दरअसल, शाह बानो केस और ‘तीन तलाक’ विषय पर किताब लिखने के लिए 15 फरवरी को कर्नाटक की लेखिका इंदौर आईं थीं। इस दौरान महिला के साथ खजराना क्षेत्र में मॉब लिंचिंग जैसी घटना हो गई। आरोप है कि शाहबानो परिवार से जुड़े परिजनों ने लेखन सामग्री और शोध डेटा साझा करने के नाम पर महिला से 25 लाख रुपए और किताब की बिक्री पर तीन प्रतिशत हिस्सा मांगा था। महिला ने इस संबंध में एक एग्रीमेंट भी तैयार कराया, लेकिन परिजनों ने उसमें बदलाव कर दिए और महिला को “डेटा चोर” कहने लगा। इतने जब वह भीड़ इकट्ठा है, तब उन्होंने डेटा चोर शब्द को बेटा चोर समझकर, खजराना क्षेत्र की खिजराबाद कॉलोनी की भीड़ ने महिला को बच्चा चोर समझकर पिटाई कर दी। गफलत में पुलिस भी उसे कई घंटे थाने में बैठाए रखा। बाद में स्पष्ट हुआ कि महिला न तो बच्चा चोर है, न ही कोई अपराधी, बल्कि शाहबानो प्रकरण पर शोध कर रही लेखिका है।

घटना के बाद महिला ने खजराना थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन डेढ़ महीने बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जिन लोगों ने महिला को बच्चा चोर बताकर भीड़ इकट्ठी की, उनके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ भीड़ हिंसा बर्दाश्त नहीं करेगी और विलंब के कारणों की भी समीक्षा की जा रही है।

नगर निगम में एमआईसी सदस्य को मिली जान से मारने की धमकी

इंदौर में महापौर परिषद के सदस्य को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्षद के पोस्टर फाड़े जाने की शिकायत पर मौके पर पहुंचे MIC मेंबर को धमकी भरी चिट्ठी मिलने के बाद पुलिस ने तीन थानों में शिकायत दर्ज करवाने के बाद अब संयोहितागंज थाने में जांच शुरू कर दी है। 

एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा के मुताबिक बीजेपी पार्षद और एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा मामा उनके द्वारा लगाए गए पोस्टर के फाड़े जाने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थे, जहां उन्हें पोस्टर पर लिखकर रखी गई एक चिट्ठी मिली जिसमें उन्हें धमकी के साथ अपशब्द भी लिखे गए थे। जिसकी शिकायत के लिए पार्षद शर्मा पहले भंवरकुआ फिर आजाद नगर पहुंचे थे, लेकिन निवास स्थल संयोगितागंज थाना क्षेत्र था।

इस मामले में पुलिस ने फिलहाल चिट्ठी को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि लिखावट, स्याही और कागज की तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की जा सके। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि धमकी किसी व्यक्तिगत रंजिश या स्थानीय विवाद से जुड़ी हो सकती है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावित कारण को नजरअंदाज नहीं कर रही है।

चाकूबाजी के मामले में कार्रवाई, 24 घंटे के अंदर हत्या के प्रयास के आरोपी गिरफ्तार

इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र में 4 अप्रैल की देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसमें युवक पर जानलेवा हमला किया गया था।

दरअसल, 4 अप्रैल की रात करीब 1 बजे अनिल नगर में उस समय सनसनी फैल गई, जब दोपहिया वाहनों पर सवार 4 से 5 बदमाशों ने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआत में घायल युवक बयान देने की स्थिति में नहीं था, लेकिन ऑपरेशन के बाद होश में आने पर उसने एक आरोपी वंश उर्फ चीकू का नाम बताया।

इसके बाद पुलिस ने सक्रिय मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी वंश उर्फ चीकू और उसके साथी विजय सोनगरा को गिरफ्तार कर लिया, साथ ही घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद लसूड़िया क्षेत्र के मुक्तिधाम में छिप गए थे और अगले दिन बड़वाह भागने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।

बाथरूम में स्पाई कैमरा लगाकर वीडियो बनाने वाला सफाई कर्मचारी गिरफ्तार

इंदौर में एक निजी कंपनी के बाथरूम में स्पाई कैमरा लगाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोबाइल में वायरल वीडियो के जरिए इस पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र के जंजीरवाला चौराहा स्थित ग्रैविटी टावर का है, जहां एक निजी कंपनी के बाथरूम में स्पाई कैमरा लगाए जाने की घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक, कंपनी संचालकों को 3 अप्रैल को बाथरूम में संदिग्ध कैमरा मिला, जिसे तत्काल जप्त कर लिया गया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर सफाई कर्मचारी शुभम का मोबाइल चेक किया गया, जिसमें कई आपत्तिजनक वीडियो मिले।

ये वीडियो कंपनी के कर्मचारियों की निजता का उल्लंघन करते हुए बनाए गए थे। आरोपी ने ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से बाथरूम में स्पाई कैमरा लगाया था। जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सफाई कर्मचारी शुभम को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने इस तरह के वीडियो और कहां-कहां बनाए हैं और इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है।

महिला से शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 29 लाख 86 हजार की ठगी, क्राइम ब्रांच ने 11 लाख लौटाए

इंदौर में ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर एक महिला के साथ करीब 30 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। गूगल पर जानकारी सर्च करने के दौरान महिला ठगों के जाल में फंस गई। हालांकि क्राइम ब्रांच की कार्रवाई से 11 लाख रुपए वापस दिलाए गए हैं, जबकि बाकी रकम की तलाश जारी है।

दरअसल, महिला शेयर मार्केट में निवेश की जानकारी के लिए गूगल पर सर्च कर रही थी, इसी दौरान वह एक संदिग्ध एआई लिंक पर क्लिक कर बैठी। लिंक के जरिए महिला एक अनजान व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गई, जहां उसे अलग-अलग शेयरों में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। ठगों ने भरोसा दिलाने के लिए एक फर्जी एप भी उपलब्ध कराया, जिसमें महिला को उसके निवेश पर बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता रहा।

इसी झांसे में आकर महिला ने कुल 29 लाख 86 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जब महिला ने अपने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उसे कोई राशि वापस नहीं मिली। इसके बाद महिला ने राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला क्राइम ब्रांच को सौंपा गया। क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिस बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर हुआ था, उसे फ्रीज कराया और अब तक 11 लाख रुपए महिला को वापस दिला दिए हैं। हालांकि अभी भी 18 लाख 86 हजार रुपए की राशि वापस मिलना बाकी है, जिसे लेकर जांच और प्रयास जारी हैं।

गार्डन में वायरल मारपीट वीडियो पर पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी सहित दो नाबालिग गिरफ्तार

इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फरवरी महीने की इस घटना में शामिल एक आरोपी और उसके दो नाबालिग साथियों को गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल, इंदौर के एमआर 10 चौराहा स्थित अभिनंदन गार्डन में फरवरी माह में कुछ नाबालिगों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ युवक आपस में झगड़ते और एक युवती के साथ मारपीट करते नजर आ रहे थे।जिसमें मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने वीडियो की जांच शुरू की।

जांच के बाद एक पीड़िता ने हीरानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर लिया, वहीं उसके दो नाबालिग साथियों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शुभम का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पेट्रोल भरवाने को लेकर विवाद, पेट्रोल पंप कर्मचारी से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

इंदौर में पेट्रोल भरवाने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। मामले में पेट्रोल पंप कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। दरअसल, 5 अप्रैल की रात रेडीसन चौराहा स्थित मालवीय पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने की बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी।

इस घटना में फरियादी कर्मचारी ऋषि पाल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्पित पिता बलजीत सिंह बग्गा को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।