आस्था और सेवा का संगम: 51 हजार दीयों से जगमगाया शिव धाम देवतालाब, Mauganj में 12.51 लाख आशीर्वाद के दीप जले
दीपमय हुआ मऊगंज: एक लौ से जली लाखों लौ, हाटा शिव मंदिर में विधायक प्रदीप पटेल ने किया दीप प्रज्वलित, जिले भर में गूंजा सेवा और सद्भाव का संदेश
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
जब आस्था दीप बनती है और सेवा संकल्प बन जाती है, तब दृश्य अलौकिक हो जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा गुरुवार की शाम मऊगंज जिले ने देखा। सेवा, सद्भाव और जनभागीदारी के त्रिवेणी संदेश के साथ शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान का आगाज दीपोत्सव की दिव्य आभा से हुआ।

देवतालाब का ऐतिहासिक शिव मंदिर परिसर कल शाम दीयों के महासागर में बदल गया। 51 हजार आशीर्वाद के दीपों की एक साथ जगमगाहट ने जैसे अंधेरे को चुनौती दी हो। सीढ़ियों पर, शिवकुंड घाटों पर, गर्भगृह के चारों ओर, हर कोने में कतारबद्ध दीप।

कहीं ओम की आकृति, कहीं स्वास्तिक, तो कहीं कमल के आकार में सजे दीपों की कलात्मकता ने हर देखने वाले को ठहरने पर मजबूर कर दिया। शाम सात बजते ही जब हजारों हाथों ने एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए, तो पूरा परिसर स्वर्णिम प्रकाश में नहा उठा।

यह केवल रोशनी का उत्सव नहीं था, यह शुभकामनाओं का सामूहिक स्वर था। उपस्थित हजारों कंठों और लाखों दीयों की लौ ने एक ही प्रार्थना की, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु और यशस्वी जीवन की। हर दीया एक आशीर्वाद बनकर टिमटिमा रहा था।
शिव मंदिर हाटा में देखने को मिली दूसरी चमक
अभियान की दूसरी चमक हाटा के प्राचीन शिव मंदिर में देखने को मिली। यहां दीपोत्सव की अगुवाई स्वयं मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल ने की। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प का दीप जलाया।

विधायक पटेल ने कहा कि दीया केवल प्रकाश नहीं देता, वह दिशा भी देता है। सेवा संकल्प अभियान इसी दिशा का नाम है, जहां सरकार और समाज एक साथ चलकर सेवा को उत्सव बनाते हैं। उनके साथ आमजनों ने भी आशीर्वाद के दीप जलाए, पूरा परिसर हर हर महादेव और भारत माता की जय के उद्घोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर जिले के लिए राज्य शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी एवं सह संचालक कौशल विकास बसंत कुर्रे ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-मन को जोड़ने का एक पवित्र अवसर है। जब एक दीया दूसरे दीये को जलाता है तो रोशनी घटती नहीं, बढ़ती है, यही सेवा का मर्म है।
पवित्र अवसर पर इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में विंध्य की राजनीति और प्रशासन का संगम भी देखने को मिला। विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मिश्रा, जनपद अध्यक्ष नीलम इन्द्रपाल सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीता पटेल, कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन, अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी सहित जिले के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा और बुजुर्ग उपस्थित रहे।

आशीर्वाद के दीपों से रोशन हुआ मऊगंज
दीपों की यह लौ सिर्फ दो मंदिरों तक सीमित नहीं रही। देर शाम तक पूरा मऊगंज जिला आशीर्वाद के दीपों से रोशन हो गया। कलेक्ट्रेट परिसर से लेकर पुलिस कंट्रोल रूम तक, शासकीय महाविद्यालयों से लेकर हर प्राथमिक शाला तक, हर आंगनबाड़ी केंद्र और नगर के हर वार्ड से लेकर हर बसाहट तक पूरे जिले में 12 लाख 51 हजार दीप जले।

मऊगंज ने साबित कर दिया कि जब संकल्प में सेवा हो और सेवा में सबकी भागीदारी हो, तो एक छोटा सा दीया भी पूरे जिले को जगमगा सकता है।
Varsha Shrivastava 
