PM मोदी के जन्मदिन पर MP में बड़ा अभियान: 50 लाख ग्रामीणों की भूखंड रजिस्ट्री निशुल्क कराने का संकल्प

मोहन सरकार का बड़ा ऐलान: ग्रामीणों के भूखंड की मुफ्त रजिस्ट्री, 50 लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा लाभ

PM मोदी के जन्मदिन पर MP में बड़ा अभियान: 50 लाख ग्रामीणों की भूखंड रजिस्ट्री निशुल्क कराने का संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए बड़े अभियान की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले 50 लाख से अधिक लोगों के स्वयं के भूखंड की रजिस्ट्री निशुल्क कराने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे सुशासन और सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान बताया।

50 लाख से अधिक लोगों को लाभ

दरअसल, इंदौर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती एक साथ मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर इंदौर से इस महाअभियान की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां ग्रामीण क्षेत्र के रहवासियों को उनके भूखंड की रजिस्ट्री निशुल्क उपलब्ध कराने का संकल्प लिया जा रहा है। इस पहल से प्रदेश के 50 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की बात कही गई है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने भगवान विश्वकर्मा जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि पारंपरिक कारीगरों और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक अवसर और रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने पीएम विश्वकर्मा योजना लागू की है। उन्होंने कहा कि गरीब, जरूरतमंद, कलाकार और पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए इंदौर में कार्यकर्ताओं और शहरवासियों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।