इंदौर में होटल कर्मचारी पर दुष्कर्म का आरोप, अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल करने की शिकायत
इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में एक होटल कर्मचारी पर महिला सहकर्मी ने दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने होटल के कमरे में बुलाकर जबरदस्ती की और आपत्तिजनक तस्वीरें लेकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी।
इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां निपानिया स्थित एक नामी होटल में काम करने वाले कर्मचारी पर अपनी ही महिला सहकर्मी के साथ दुष्कर्म (रेप) करने और अश्लील तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर लसूडिया थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सफाई के बहाने कमरे में बुलाया, फिर की दरिंदगी..
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, निपानिया के एक होटल में कार्यरत 28 वर्षीय पीड़िता ने अपने सहकर्मी रवींद्र के खिलाफ यह मामला दर्ज कराया है। घटना बीते 8 अप्रैल की बताई जा रही है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी रवींद्र ने काम में मदद लेने और होटल की दूसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे की सफाई कराने के बहाने उसे ऊपर बुलाया था। महिला जैसे ही कमरे के अंदर पहुंची, आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ जबरदस्ती (दुष्कर्म) की।
आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर देने लगा धमकी..
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वारदात के दौरान आरोपी रवींद्र ने अपने मोबाइल फोन से उसकी कई आपत्तिजनक और अश्लील तस्वीरें भी खींच ली थीं। घटना के बाद से ही आरोपी इन तस्वीरों के दम पर महिला को लगातार डरा-धमका रहा था और ब्लैकमेल कर रहा था।
पति को जान से मारने की धमकी..
आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर उसने इस बारे में किसी को भी बताया या पुलिस में शिकायत की, तो वह ये तस्वीरें उसके पति को भेज देगा और सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के पति को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश जारी..
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और लसूडिया थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
अमरेंद्र सिंह (एडिशनल डीसीपी, इंदौर) के मुताबिक..
महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी रवींद्र के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही उसे हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

