भोपाल में LPG गैस संकट: एजेंसियों पर लंबी कतारें, कमर्शियल सिलेंडर की कमी से होटल कारोबार प्रभावित
भोपाल में घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी से गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं. होटल-रेस्टोरेंट कारोबार प्रभावित, प्रशासन ने जल्द सप्लाई सामान्य होने का दावा किया.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इन दिनों घरेलू और कमर्शियल LPG गैस को लेकर संकट जैसे हालात बन गए हैं. शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं. वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी से होटल और रेस्टोरेंट कारोबार भी प्रभावित हो रहा है. प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही गैस सप्लाई व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी.
गैस एजेंसियों पर सुबह से लग रही लंबी कतारें
भोपाल के कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ देखने को मिल रही है. लोगों का कहना है कि सिलेंडर बुकिंग के कई दिन बाद भी डिलीवरी नहीं हो पा रही है. इस वजह से खासकर घरेलू उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई लोगों को गैस एजेंसियों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन इसके बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। कई लोगों ने ऑनलाइन बुकिंग में भी परेशानी होने की शिकायत की है.
कमर्शियल सिलेंडर की कमी से होटल कारोबार प्रभावित
कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी का असर शहर के होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है. होटल संचालकों का कहना है कि उनके पास केवल एक से दो दिन का ही गैस स्टॉक बचा है. उनका कहना है कि अगर जल्द ही गैस सप्लाई नहीं हुई तो कारोबार प्रभावित हो सकता है. खासकर शादी और समारोह के सीजन में यह समस्या और बढ़ सकती है.
प्रशासन ने की बैठक, सख्त निर्देश
इस मामले में भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने गैस वितरकों के साथ बैठक की है. उन्होंने कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं. प्रशासन के अनुसार फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति में अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसी अत्यावश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है.
जल्द सामान्य होगी सप्लाई
अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई व्यवस्था को जल्द ही सामान्य कर दिया जाएगा. हालांकि फिलहाल उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि प्रशासन के दावों के मुताबिक जल्द ही गैस संकट खत्म होगा और उन्हें राहत मिलेगी.
shivendra 
