Bhopal: खटलापुरा हनुमान मंदिर: 200 साल पुरानी आस्था, हर मुराद पूरी होने की मान्यता
भोपाल का 200 साल पुराना खटलापुरा हनुमान मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां हनुमान जयंती पर हजारों भक्त जुटते हैं और विशेष पूजा व भंडारे का आयोजन होता है।
भोपाल:राजधानी स्थित खटलापुरा श्री हनुमान मंदिर अपनी प्राचीनता और चमत्कारी मान्यताओं के कारण श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था का केंद्र बना हुआ है। करीब 200 साल पुराने इस मंदिर की महिमा दूर-दूर तक फैली हुई है, जहां हर दिन भक्तों की भीड़ रहती है।
अनोखी प्रतिमा और ऐतिहासिक महत्व
इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां विराजित हनुमान जी की अर्ध शिला रूप में स्थापित प्रतिमा है, जो बेहद दुर्लभ मानी जाती है। मान्यता है कि यह प्रतिमा बड़ा तालाब (लोअर लेक) से प्राप्त हुई थी, जिससे इस स्थान की पवित्रता और भी बढ़ जाती है। भक्त इसे सिद्ध और चमत्कारी स्थल मानते हैं। बताया जाता है कि नवाबों के जमाने में केवल भोपाल में चार मंदिर हुआ करते थे, जिनमें यह मंदिर भी शामिल था।
अटूट विश्वास: हर मुराद होती है पूरी
स्थानीय श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। संकटों से मुक्ति, साहस और सफलता की कामना लेकर लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं। यही आस्था इस मंदिर को खास पहचान दिलाती है।
हनुमान जयंती पर विशेष आकर्षण
हनुमान जयंती के अवसर पर इस मंदिर का महत्व और बढ़ जाता है। हर साल इस दिन यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सुबह से ही मंदिर में लंबी कतारें लग जाती हैं और पूरा परिसर भक्ति के माहौल में डूब जाता है।

मंगलवार-शनिवार को भी उमड़ती है भीड़
वैसे तो हर मंगलवार और शनिवार को यहां भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है, लेकिन हनुमान जयंती पर यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है। पिछले कई सालों से हर मंगलवार यहां भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें प्रसाद भक्त मंडल द्वारा ही तैयार किया जाता है।
भव्य आयोजन: नौका विहार से महाआरती तक
भक्त मंडल के हेमंत साहू ने बताया कि हनुमंत जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य एवं दिव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान श्री हनुमान सरकार का आकर्षक नौका विहार कराया जाएगा। साथ ही काशी के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विशेष महाआरती भी आयोजित होगी, जो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगी।
11 हजार भक्तों के लिए भंडारा और सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम में भव्य आतिशबाजी से आसमान जगमगाएगा। इसके साथ ही 11 हजार श्रद्धालुओं के लिए विशाल नगर भंडारे की व्यवस्था की गई है। भजन संध्या में भोपाल के चेतन शर्मा और देवास की वैशाली जायसवाल सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे।आयोजन समिति श्री खटलापुरा सरकार भक्त मंडल एवं श्री राम मंदिर समिति ने शहरवासियों से सपरिवार शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
sanjay patidar 
