बकरी बांधकर कुंए में उतारा, 15 मिनट बाद जिंदा निकली बाहर

खरमसेड़ा गांव में कुंए में गिरने से तीन ग्रामीणों की मौत का मामला, कुंए में जहरीली गैस जांचने ग्रामीणों ने अपनाया देशी तरीका रस्सी में बकरी बांधकर कुंए में उतारा, 15 मिनट बाद जिंदा निकली बाहर

बकरी बांधकर कुंए में उतारा, 15 मिनट बाद जिंदा निकली बाहर

सतना: 3 जुलाई की रात 8.30 बजे के करीब बैल को बचाने के लिए कुंए में चार ग्रामीण उतरे। जहरीली गैस के कारण तीन की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। तीनों की मौत कुंए में निचले हिस्से में मौजूद जहरीली गैस से हुई है या फिर कुंए में लगी मोटर के करंट से हुई है। इसे जांचने के लिए शनिवार को ग्रामीणों ने अजीबोगरीब प्रयोग किए। मचान में बकरी बांधी और उसे रस्सी के सहारे 10 फिट चौड़े और तकरीबन 40 फिट गहरे कुंए में रस्सी के सहारे नीचे उतारा। 15 मिनट तक कुंए की गहराई में बकरी को रखा फिर उसे बाहर निकाला। मचाने में बंधी बकरी कुएं  के अंदर से सकुशल बाहर आ गई। बकरी के सकुशल बाहर आने पर ग्रामीणों ने कुंए में जहरीली गैस व आक्सीजन की कमी के दावों को मानने से इंकार कर दिया।

मीथेन गैस व आक्सीजन की कमी से गई जान

4 जुलाई को प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अलावा पुलिस की फोरेसिक टीम मौके पर जांच करने पहुंची। पैरामीटर को कुंए में नीचे उतारा गया। जांच में पाया गया कि कुंए के अंदर भारी मात्रा में मीथेन गैस व कार्बनडाक्साइड गैस है। जबकि आक्सीजन गैस का लेवल बेहद कम है। कुंए के अंदर आक्सीजन गैस का लेवल महज 12 प्रतिशत मिला। जबकि मानव जीवन के लिए 30 प्रतिशत से ज्यादा आक्सीजन का लेवल होना चाहिए। कुंए में मीथेन गैस का लेवल बेहद ज्यादा पाया गया।

15 फिट की गहराई के बाद मिली जहरीली गैस

अमरपाटन पुलिस ने बताया कि शनिवार को सतना से प्रदूषण विभाग के अलावा पुलिस विभाग की फोरेसिक टीम डा. महेन्द्र सिंह की अगुवाई में खरमसेड़ा पहुंची। प्रदूषण विभाग की टीम के द्वारा रस्सी के सहारे पैरामीटर मशीन नीचे उतारी गई। मशीन कुंए में 15 मीटर नीचे उतरी थी तभी मशीन ने कुंए के अंदर मीथेन जैसी जहरीली गैस की मौजूदगी दर्ज कर दी।

कुंए को बंद कराने की प्रक्रिया शुरू

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की रात 8.30 बजे खरमसेड़ा गांव में कुंए में बैल गिर गया। बैल को बचाने के लिए चार ग्रामीण एक-एक कर नीचे उतरे। हादसे में कुंए के अंदर जहरीली गैस के कारण राहुल यादव 36 वर्ष, वीरेन्द्र यादव 40 वर्ष, कृष्णदत्त यादव 26 वर्ष की मौत हो गई थी जबकि रामचन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। कलेक्टर मैहर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर एसडीएम आरती सिंह के द्वारा कुंए को मिट्टी से भटवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।