सतना में नशीली दवाओं के सप्लायर पति-पत्नी गिरफ्तार, 24 शीशी कफ सिरप और 550 टैबलेट बरामद

सतना में सिटी कोतवाली पुलिस ने नशीली दवाओं के कथित सप्लायर बंटा उर्फ अजय अग्रवाल और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 24 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप, 550 नशीली टैबलेट और एक ई-रिक्शा जब्त किया।

सतना में नशीली दवाओं के सप्लायर पति-पत्नी गिरफ्तार, 24 शीशी कफ सिरप और 550 टैबलेट बरामद

सतना। शहर में नशीली दवाओं की सप्लाई के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सप्लायर बंटा उर्फ अजय अग्रवाल और उसकी पत्नी सुनीता अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 24 शीशी कोडीन फास्फेट युक्त कफ सिरप और 550 नशीली टैबलेट बरामद की हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी के अनुसार शुक्रवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि चांदनी टाकीज के पास एक ई-रिक्शा में बंटा उर्फ अजय अग्रवाल नशीली दवाएं लेकर बैठा है और फुटकर में उनकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के झोले से कोडीन फास्फेट युक्त ऑनरेक्स कंपनी की 14 शीशी कफ सिरप बरामद की गई। पुलिस ने मौके से बिना नंबर का ई-रिक्शा भी जब्त किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले कुछ समय से इसी ई-रिक्शा के जरिए शहर में घूम-घूमकर नशीली दवाओं की बिक्री कर रहा था।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने रामना टोला स्थित उसके घर पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक उस समय आरोपी की पत्नी सुनीता अग्रवाल घर के बाहर कथित रूप से नशीली दवाएं बेच रही थी। पुलिस ने उसे भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।

महिला आरोपी की तलाशी में नशे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली 550 टैबलेट बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बंटा उर्फ अजय अग्रवाल के खिलाफ पहले से गांजा और नशीली दवाओं की बिक्री से जुड़े सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूरे मामले की कार्रवाई में एसआई बेबी तरन्नुम, एएसआई हेमराज सिंह, प्रधान आरक्षक मुरारी मिश्रा, नीलेश यादव, वसीम मंसूरी, महिला आरक्षक मनीषा बरौलिया, सरिता उइके, एकता श्रीवास्तव और प्रियंका चतुर्वेदी शामिल रहीं।