मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का कहर, खजुराहो सबसे ठंडा, 15 जिलों में कोहरा और कोल्ड डे अलर्ट
मध्यप्रदेश में बर्फीली हवाओं के चलते कड़ाके की सर्दी चरम पर है, कई जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे के बीच न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री तक गिर गया है।
भोपाल सहित पूरे मध्यप्रदेश में इस समय कड़ाके की सर्दी का असर देखने को मिल रहा है। खासकर ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में ठंड का प्रकोप सबसे अधिक बना हुआ है।
प्रदेश के इन जिलों में ठंड का अलर्ट
प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में कोल्ड डे यानी दिन भर ठंड बने रहने का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश के ऊपरी हिस्सों में ठंड और तेज हो गई है।

खजुराहो प्रदेश का सबसे ठंडा शहर
तापमान की बात करें तो खजुराहो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा है.खजुराहो में जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में 3.9 डिग्री, शिवपुरी में 4 डिग्री, राजगढ़ में 5 डिग्री, पचमढ़ी में 5.8 डिग्री, मंडला में 5.9 डिग्री और रीवा में 6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं उमरिया में 6.4 डिग्री, सीधी और टीकमगढ़ में 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, इंदौर में 9.4 डिग्री, उज्जैन में 8.3 डिग्री और जबलपुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे साफ है कि पूरे प्रदेश में सर्दी अपने चरम पर है.
इन जिलों में शीतलहर का असर
मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को भी ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद मौसम साफ होने के संकेत हैं और अधिकतम-न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
sanjay patidar 
