आदिवासी छात्रा की CM डॉ. मोहन यादव से गुहार, मुख्यमंत्री से हर संभव मदद का मिला भरोसा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सीधी जिले के बहरी में एक जनसभा की। इस कार्यक्रम में आदिवासी परिवार की एक बेटी अनामिक बैगा भी पहुंची।

आदिवासी छात्रा की CM डॉ. मोहन यादव से गुहार, मुख्यमंत्री से हर संभव मदद का मिला भरोसा

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सीधी जिले के बहरी में एक जनसभा की। इस कार्यक्रम में आदिवासी परिवार की एक बेटी अनामिक बैगा भी पहुंची। वह सीएम से मिलना चाहती थी, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद वह फूट-फूटकर रोने लगी और अपना दर्द बयां किया। वहीं जब इस बात की जानकारी सीएम को लगी तो उन्होंने छात्रा की हर संभव मदद का ऐलान किया है।

मेरी डॉक्टर बनने की ख्वाहिश है

अनामिका ने मीडिया से अपना दर्द बयां करते हुए कहा, “मुझे एक बार मिलने दीजिए। मैं गरीब घर से हूं और मेरा नाम अनामिका बैगा है। मेरे पापा बहुत ही ज्यादा गरीब है और मेरी पढ़ने की इच्छा है और डॉक्टर बनने की ख्वाहिश है। मेरे पापा मुझे नहीं पढ़ा पाएंगे इसीलिए मैं माननीय मुख्यमंत्री से निवेदन करती हूं कि मुझे पढ़ने के लिए राशि चाहिए।” 

मेरे पापा के पास पैसे नहीं है

अनामिका ने कहा, “बस मेरी एक ही विनती है कि मुझे पढ़ने के लिए राशि चाहिए। जहां पर मेरे यहां कोई नहीं जाता है मैं वहां से आई हूं। मैं कलेक्टर और सांसद के पास भी दो बार गई। मेरी कोई भी मदद नहीं की गई। मेरी कोई भी सुनवाई नहीं की गई। मेरे पापा बहुत ही ज्यादा गरीब हैं और मुझे नहीं पढ़ा पाएंगे। मुझे मुख्यमंत्री से मिलकर यह बात कहनी थी कि आप एक बार बेटी की इच्छा तो सुन सकते हैं ना। मैं आदिवासी बैगा जाति से हूं। मैं एकमात्र बच्ची हूं जो पढ़ने के लिए बाहर निकली हूं। मैं नीट की तैयारी कर रही हूं और मुझे डॉक्टर बनना है। मेरे पापा के पास पैसा नहीं है। मुझे पढ़ने की राशि दी जाए।”

सीएम मोहन यादव ने लिया संज्ञान

वहीं जब सीएम को इस बात की जानकारी लगी तो छात्रा की गुहार पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने तुरंत संज्ञान लिया और हर संभव सहायता का ऐलान किया। सीएम ने ये भी कहा कि अनामिका एक प्रसिद्ध डॉक्टर के रूप में मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेगी।

अनामिका सांसद-विधायक से लगा चुकी हैं गुहार

अनामिका कई बार सांसद और विधायक से भी मदद की गुहार लगा चुकी हैं। अनामिका का कहना है कि कई बार सांसद और विधायक कुंवर सिंह टेकाम से भी मदद की गुहार लगा चुकीं हैं, लेकिन उसकी किसी ने मदद नहीं की थी।  बता दें कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को सीधी जिले की सिंहावल विधानसभा क्षेत्र के बहरी में 201 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत वाल कुल 209 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया था।