भोपाल में टोल टैक्स को लेकर बवाल, 11 मील बायपास पर टोलकर्मियों से मारपीट

भोपाल के 11 मील बायपास टोल प्लाजा पर बिना टोल दिए वाहन निकालने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई, जिसका सीसीटीवी सामने आया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भोपाल में टोल टैक्स को लेकर बवाल, 11 मील बायपास पर टोलकर्मियों से मारपीट

भोपाल:भोपाल में बिना टोल दिए वाहन निकालने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। यह घटना 11 मील बायपास स्थित टोल प्लाजा की है. जहां टोल टैक्स देने को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि कुछ अज्ञात युवकों ने टोल कर्मियों के साथ मारपीट की, जिसका वीडियो भी सामने आया है. जानकारी के अनुसार एक युवक ने फ्री में अपनी गाड़ी टोल प्लाजा से निकालने की कोशिश की लेकिन जब टोलकर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोक दिया तो उसने वहां हंगामा शुरू कर दिया।

मिसरोद थाने में हुई शिकायत

इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि टोलकर्मियों ने उस युवक के साथ मारपीट कर दी। बाद में इसी घटना को लेकर तनाव और बढ़ा जिसके चलते टोल प्लाजा पर फिर से हंगामा और मारपीट की स्थिति बन गई. घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है.वीडियो फुटेज सहित मिसरोद थाने में टोलकर्मियों द्वारा शिकायत की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक दोनों ही पक्षों की ओर से किसी के भी खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

घटना का सीसीटीवी वीडियो आया सामने

जानकारी के मुताबिक बजरंगदल के एक पदाधिकारी शनिवार की शाम को अपनी कार के साथ 11 मील टोल पर पहुंचे। उन्होंने टोल देने से इनकार किया और कार को सर्विस लेन से निकालने का प्रयास किया। इस बात को लेकर टोलकर्मियों ने विरोध किया. दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी हुई तब टोल कर्मी बड़ी तादाद में एकत्र हो गए और पदाधिकारी से अभद्रता की। तब वे वहां से चले गए, कुछ देर में बड़ी तादाद में अपने साथियों के साथ टोल पर पहुंचे और डंडे से एक कर्मचारी की पिटाई की। इस विवाद का वीडियो सामने आया है।