भोपाल सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 12 घायल
भोपाल में ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडिंग वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 12 घायल हुए हैं।
भोपाल। बैरसिया थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 9:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडिंग वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
टीआई वीरेंद्र सेन के अनुसार, विदिशा जिले के सिरोंज निवासी एक परिवार के 15 लोग लोडिंग वाहन में सवार होकर संक्रांति स्नान के लिए नर्मदापुरम जा रहे थे। जैसे ही वाहन बैरसिया इलाके में ठाकुर लाल सिंह स्कूल के पास पहुंचा, सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडिंग वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग उसमें फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। सभी घायलों को बैरसिया शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। ट्रैक्टर में सवार 3 लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में इनकी गई जान-
- लक्ष्मीबाई अहिरवार
- बबली बाई
- हरि बाई
- दीपक
- मुकेश
हादसे में ये हुए घायल-
- सूरज
- विनीता
- पुनीत
- मोनिका
- महक
- नूरी बाई
- लल्लू
- प्रदीप
- ज्योति
Varsha Shrivastava 
