हिमाचल प्रदेश में बस खाई में गिरी, 12 लोगों की मौत, कई यात्री घायल
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से सड़क हादसे की खबर सामने आई है. जहां एक निजी बस (जीत कोच) गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है.कई लोग घायल है.
हिमाचल प्रदेश: सिरमौर जिला से सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां श्री रेणुका जी विधानसभा के हरिपुरधार के पास शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक निजी बस (जीत कोच) गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों की पहचान का कार्य अभी जारी है. जबकि 33 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं.
सिरमौर एसपी निश्चित सिंह नेगी तुरंत मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी पहुंच गई हैं. डिप्टी सीएम और परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हादसे पर दुख जताया है.पुलिस ने बताया कि बस कुपवी से शिमला जा रही थी. इस दौरान बस हरिपुरधार के पास खाई में गिर गई. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया.
सीएम सुक्खू ने दुख जताया, बचाव अभियान तेज करने दिए आदेश
इस हादसे में और लोगों की हालत गंभीर है. बड़ी संख्या में लोग घायल बताए जा रहे हैं.हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन को तुरंत और तेज राहत बचाव अभियान चलाने का निर्देश दिया है. सीएम सुक्खू ने एक्स पर लिखा, 'बस दुर्घटना की खबर सुनकर मन व्यथित और पीड़ा से भर गया है. हादसे में जिन लोगों ने प्राण गंवाए, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.' वहीं, इस घटना को लेकर प्रशासन को सूचना दी गई. प्रशासन से जुड़े अधिकारियों ने तुरंत इस मामले में बचाव अभियान शुरू करवाया है. वहीं, कई घायलों की स्थिति गंभीर है.
sanjay patidar 
