विश्वास सारंग का कांग्रेस पर तंज: झूठ और भ्रम की राजनीति छोड़कर संगठन संभाले

मंत्री सारंग ने अमेरिका-भारत ट्रेड डील और मध्य प्रदेश के कर्ज को लेकर भाजपा सरकार की पारदर्शिता को बताया। और कांग्रेस की भ्रामक बयानबाजी की आलोचना की।

विश्वास सारंग का कांग्रेस पर तंज: झूठ और भ्रम की राजनीति छोड़कर संगठन संभाले

भोपाल: बुधवार को केबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यालय में सहयोग सेल के रूप में शुरू की गई पहल के तहत मंत्रियों द्वारा बैठकर जन समस्याओं को सुनने और उनके त्वरित समाधान की व्यवस्था की गई है।

जीतू पटवारी पर झूठ और फरेब की राजनीती का आरोप

उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वे झूठ, भ्रम और फरेब की राजनीति कर रहे हैं, जो कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली रही है। मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से लेकर प्रदेश स्तर तक के नेता बिना तथ्यों के बयान देकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि संसद में दिए गए तथ्यहीन बयानों की उसी परंपरा को आज जीतू पटवारी आगे बढ़ा रहे हैं।

अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील की पूरी दुनिया में सराहना- विश्वास सारंग

मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता केवल फोटो ऑपर्च्युनिटी और मीडिया अपीयरेंस के जरिए असत्य बातें फैलाने का काम कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील की पूरी दुनिया में सराहना हो रही है। यह डील प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भारत के लिए नए व्यापारिक अवसर खुलेंगे और देश को शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य सशक्त रूप से आगे बढ़ रहा है।

MP के कर्ज को लेकर कांग्रेस के भ्रामक बयान- सारंग

मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस नेता अर्थव्यवस्था और मध्य प्रदेश के कर्ज को लेकर भी भ्रामक बयान दे रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार पूर्ण आर्थिक अनुशासन का पालन कर रही है और जीएसडीपी के तीन प्रतिशत की निर्धारित सीमा के भीतर ही कर्ज लेकर उसे पूरी तरह पूंजीगत व्यय में उपयोग कर रही है।

कांग्रेस को संगठन सुधार पर ध्यान देने की सलाह

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस स्वयं संगठनात्मक अव्यवस्था और आंतरिक कलह से जूझ रही है, इसलिए भाजपा सरकार को बदनाम करने के बजाय उन्हें अपने संगठन पर ध्यान देना चाहिए।

कांग्रेस ने शहीद और उनके परिवारों का अपमान किया-विश्वास सारंग

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय बताते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि जिन परिवारों ने देश की एकता और अखंडता के लिए बलिदान दिया है, उनका अपमान पूरे देश और शहीदों का अपमान है, और कांग्रेस नेताओं की यह संवेदनहीन मानसिकता अब जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुकी है।