बैल को बचाने कुएं में उतरे तीन लोगों की मौत एक युवक गंभीर

बैल को बचाने कुएं में उतरे तीन लोगों की मौत एक युवक गंभीर, मैहर जिले के खरमसेड़ा गांव की घटना

बैल को बचाने कुएं में उतरे तीन लोगों की मौत एक युवक गंभीर

सतना: कुंए में गिरे बैल को बचाने के लिए एक -एक कर चार ग्रामीण रस्सी के सहारे कुंए के नीचे उतरे। पानी कम होने की वजह से कुंए में जहरीली गैस थी, जहरीली गैस के कारण तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से कुंए के अंदर फंसे चारों लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन से चारों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां परीक्षण के उपरांत चिकित्सक ने तीन को मृत घोषित कर दिया। एक की तबियत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सतना के लिए रेफर कर दिया गया।

40 फिट गहरा है कुंआ

अमरपाटन टीआई विजय सिंह परस्ते ने बताया कि थानान्तर्गत खरमसेड़ा गांव के अहिरान टोला में रामनिवास कुशवाहा का कुंआ घर से तकरीबन 40 मीटर दूर स्थित है। कुंआ की चौड़ाई दस फिट और गहराई चालीस फिट के करीब है। शुक्रवार की रात 8.30 बजे के करीब कुंआ में दुर्घटनावश बैल गिर गया। यह देख रामनिवास के छोटे भाई की पत्नी ने मदद के लिए गोहार लगाई। आवाज सुनकर अहिरान टोला के यादव परिवार के कई सदस्यों के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए।

रस्सी बांधकर उतरे नीचे

कुंए में बैल गिरने की जानकारी लगने पर गांव के लोग एकत्र हो गए। कुंए के पाट में रस्सी बांधकर एक-एक कर चार ग्रामीण नीचे उतरे। कुंए की गहराई में जाते ही चारों ग्रामीण एक-एक कर बेहोश होने लगे। एक- दूसरे को बचाने के प्रयास में कुंए में उतरे ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर गहराई में गए। जब एक- एक कर चारो ग्रामीण कुंए के अंदर जाकर अचेत हो गए तो कुंए के बाहर एकत्र गांव के लोगों को शंका हुई। आवाज दी, अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तब गांव के लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थानीय स्तर पर प्रयास कर कुंए के अंदर बेहोश हुए चारों को बाहर निकाला गया। डायल-112 में सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा, टीआई विजय सिंह परस्ते पुलिस बल के साथ मौके में पहुंचे।

एक ही परिवार के हैं मृतक

अमरपाटन टीआई श्री परस्ते ने बताया कि बैल को बचाने के लिए कुंए में उतरने से चार लोग बेहोश हुए थे जिन्हें ग्रामीणों की मदद से कुंए से बाहर निकाल कर डायल-112 से इलाज के लिए आनन- फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अमरपाटन भेजा गया। स्वास्थ्य केन्द्र में परीक्षण के उपरांत चिकित्सक ने राहुल यादव पिता मोतीलाल यादव 36 वर्ष, वीरेन्द्र यादव पिता जगदीश प्रसाद यादव 40 वर्ष और कृष्णदत्त यादव पिता रामदास यादव 26 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। रामचन्द्र यादव पिता भानु प्रसाद यादव 50 वर्ष की तबियत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने ्रप्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तीनों मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं। मृतकों का शव पीएम के लिए मरचुरी में रखवा दिया गया है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

गर्मी के मौसम और बरसात के शुरुआती दौर में संकरे कुंए में उतरने की वजह से कई लोगों की मौत कुंए के अंदर जमा कचरा के कारण उत्पन्न जहरीली गैस व आक्सीजन की कमी की वजह से हो चुकी है। ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद प्रशासन के द्वारा जानकारी भी प्रकाशित कराई गई कि सूखे व कम पानी वाले संकरे कुंए में किसी व्यक्ति या वस्तु को बचाने के लिए कुंए में उतरने के पहले आॅक्सीजन लेवल व कचरे से पैदा होने वाली गैस की जांच कर लें। जांच के लिए जलती हुई लालटेन कुंए के अंदर लटकाएं, अगर लालटेन का जलना बंद हो जाता है तो स्पष्ट है कि कुंए के अंदर आॅक्सीजन की कमी है। खरमसेड़ा में कुंए के अंदर उतरे तीन लोगों की मौत आॅक्सीजन की कमी व जहरीली गैस से हुई। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। बताया गया कि कुंए में घुटने तक पानी था लेकिन काफी मात्रा में कचरा भी था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कम पानी व कचरा की वजह से कुंए के अंदर जहरीली गैस थी।