खुले टैंक में गिरने से मासूम की मौत: डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
Maihar News : मैहर जिले के परसोखा गांव में खुले टैंक में गिरने से 4 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में मातम का माहौल है।
Maihar News : मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत परसोखा गांव में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खुले टैंक में गिरने से करीब 4 वर्षीय मासूम अंश चौधरी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में मातम का माहौल है।
सेप्टिक टैंक में गिरा अंश
जानकारी के अनुसार, अंश चौधरी, पिता प्रकाश चौधरी, निवासी वार्ड नं 23 परसोखा, गुरुवार शाम घर के पास मौजूद था। बताया जा रहा है कि सेप्टिक टैंक खुला हुआ था और उसमें पानी भरा था। इसी दौरान मासूम अचानक टैंक में गिर गया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद मासूम को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरचुरी में रखवा दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

