इटारसी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलने के बाद बढ़ाई सुरक्षा

नर्मदापुरम जिले के इटारसी स्थित रक्षा मंत्रालय के अधीन आयुध निर्माणी परिसर (ODI) को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

इटारसी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलने के बाद बढ़ाई सुरक्षा

इटारसी। नर्मदापुरम जिले के इटारसी स्थित रक्षा मंत्रालय के अधीन आयुध निर्माणी परिसर (ODI) को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। फैक्ट्री के ऑफिशियल मेल आईडी पर एक मेल के जरिए यह धमकी दी गई है। धमकी के बाद फैक्ट्री के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि मेल तमिलनाडु से आया है।

सूत्रों के मुताबिक तमिलनाडु से आए इस मेल में लिखा है- आपकी आयुध निर्माणी, अभिनेता रजनीकांत के आवास और संगीतकार इलैयाराजा के आवास पर (03) RDX बम रखे गए हैं। फटने से पहले इन्हें खाली कर दें। सूचना मिलते ही पथरौटा, इटारसी, तवानगर और रामपुर पुलिस ऑर्डिनेंस फैक्ट्री पहुंच गई। इसके साथ ही पुलिस ने कैंपस में तलाशी शुरू कर दी है। 

पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा थोटा ने धमकी भरे मेल की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इससे पहले 17 अप्रैल को भी इसी तरह का ई-मेल आया था, जो जांच में फर्जी पाया गया था।

बता दें कि सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील इस आयुध निर्माणी में भारतीय सेना के लिए अत्याधुनिक हथियारों का निर्माण किया जाता है। धमकी के बाद परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।