स्पा सेंटर में विवाद के बाद मचा हंगामा, डायल-112 की टीम ने पहुंचकर कराया महिलाओं को बाहर
सतना के खजुरी टोला स्थित स्पा सेंटर में देर रात विवाद के बाद हंगामा हो गया. डायल-112 पुलिस ने ताला तोड़कर महिला कर्मचारियों को बाहर निकाला. महिलाओं ने संचालक और मैनेजर पर अभद्रता व प्रताड़ना के आरोप लगाए, लेकिन लिखित शिकायत नहीं होने पर पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया.
सतना। शहर के खजुरी टोला इलाके में संचालित एक स्पा सेंटर में गुरुवार देर रात उस समय हंगामा मच गया, जब वहां काम करने वाली महिला कर्मचारियों और स्पा सेंटर के संचालक व मैनेजर के बीच विवाद हो गया. सूचना मिलने पर डायल-112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने चैनल गेट पर लगा ताला तोड़कर अंदर फंसी महिला कर्मचारियों को बाहर निकाला.
जानकारी के अनुसार, आयुष्मान अस्पताल के पास स्थित स्पा स्टेशन नामक स्पा सेंटर में काम करने वाली महिलाओं ने देर रात डायल-112 पर फोन कर मदद मांगी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि स्पा सेंटर का चैनल गेट बाहर से बंद था और महिला कर्मचारी अंदर मौजूद थीं.
महिलाओं ने पुलिस को बताया कि गेट की चाबी मैनेजर के पास है और वह संचालक के साथ ऊपरी मंजिल पर मौजूद है. इसके बाद पुलिस ने चैनल गेट का ताला तोड़कर महिलाओं को बाहर निकाला और उनसे पूछताछ की.
पूछताछ के दौरान महिला कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वे असम की रहने वाली हैं और स्पा सेंटर के संचालक तथा मैनेजर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते थे और उन्हें प्रताड़ित किया जाता था. पुलिस ने संचालक को भी मौके पर बुलाकर पूछताछ की.
हालांकि, कोतवाली पुलिस के अनुसार महिला कर्मचारियों ने किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई. इसलिए पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और संचालक व मैनेजर को छोड़ दिया.
फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है. यदि भविष्य में पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है, तो पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी.
Anubhav Dubey 
