NEET UG 2026: मऊगंज के आर्यन गुप्ता ने पहले प्रयास में हासिल की सफलता, 599 अंक के साथ बढ़ाया जिले का मान
मऊगंज जिले के नईगढ़ी के छात्र Aryan Gupta ने NEET UG 2026 में 599 अंक और 99.477 पर्सेंटाइल हासिल कर शानदार सफलता दर्ज की. पहले प्रयास में मिली इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है.
राजेंद्र पयासी
मऊगंज. मेहनत, अनुशासन और मजबूत इरादों के दम पर कोई भी सपना हकीकत में बदला जा सकता है. मऊगंज जिले के नईगढ़ी कस्बे के होनहार छात्र आर्यन गुप्ता ने इसे सच साबित कर दिखाया है. महज 17 वर्ष की उम्र में आर्यन ने NEET UG 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता आज मऊगंज ही नहीं, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है.
720 अंकों की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) में आर्यन ने 599 अंक हासिल किए हैं. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने 99.477 पर्सेंटाइल प्राप्त किया. वहीं अखिल भारतीय स्तर पर 10360वीं रैंक और सामान्य वर्ग में 4289वीं रैंक हासिल कर उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की मजबूत दावेदारी पेश की है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे नईगढ़ी नगर में खुशी का माहौल है.
आर्यन के पिता बृजेंद्र गुप्ता पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष हैं, जबकि उनकी माता नगिता गुप्ता नईगढ़ी नगर परिषद की अध्यक्ष हैं. बेटे की इस उपलब्धि पर दोनों ने इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया. आर्यन का कहना है कि उनका लक्ष्य एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर एक कुशल डॉक्टर बनना और समाज की सेवा करना है.
आर्यन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया. उन्होंने बताया कि उनके दिवंगत दादा स्व. बाल्मीक प्रसाद गुप्ता का सपना था कि उनका पोता डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करे. दादा के इसी सपने को अपना लक्ष्य बनाकर उन्होंने लगातार मेहनत की और पहले ही प्रयास में उल्लेखनीय सफलता हासिल की.
आर्यन की उपलब्धि पर देवतालाब विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजेंद्र मिश्रा, जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज के उपाध्यक्ष नृपेन्द्र सिंह पिंटू, नईगढ़ी मंडल अध्यक्ष विभा शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र पयासी, आरडी शर्मा, राममिलन प्रजापति, राजरमन पटेल, एड. अशोक कुमार गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आर्यन की सफलता क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी.
आर्यन गुप्ता की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है. मऊगंज के इस युवा ने अपने परिवार के सपनों को साकार करने के साथ पूरे जिले का गौरव भी बढ़ाया है.
Anubhav Dubey 
