रीवा के खमरिया गांव में अवैध नशे के कारोबार से ग्रामीण परेशान, सरपंच महिलाओं के साथ पहुंचे एसपी कार्यालय
रीवा के खमरिया गांव में अवैध नशे के कारोबार का आरोप लगाते हुए सरपंच और ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे। स्कूल के पास गांजा, शराब और नशीली दवाओं की बिक्री रोकने तथा ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत कार्रवाई की मांग की गई।
रीवा. जिले की जनपद पंचायत रीवा अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरैनी के खमरिया गांव में कथित रूप से चल रहे अवैध नशे के कारोबार को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सामने आया है। गांव के सरपंच महिलाओं और ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर गांजा, शराब, कोरेक्स और अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की बिक्री पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, जिससे पूरे इलाके का माहौल प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्कूल के पास नशे की बिक्री का आरोप
सरपंच ने बताया कि खमरिया स्थित माध्यमिक शाला के पास कुछ लोग कथित रूप से शराब, गांजा, तंबाकू और कोरेक्स जैसी नशीली वस्तुओं की बिक्री कर रहे हैं। उनका कहना है कि इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, कम उम्र के बच्चे भी नशे की चपेट में आने लगे हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के पास इस तरह की गतिविधियों से शिक्षक, स्कूल स्टाफ और अभिभावक भी चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन से स्कूल के आसपास विशेष निगरानी और नियमित कार्रवाई की मांग की है।
महिलाओं ने किया विरोध, हमले की कोशिश का आरोप
सरपंच ने आरोप लगाया कि चार दिन पहले गांव की महिलाओं ने जब कथित नशा तस्करों को अवैध बिक्री करने से रोका, तो 5 से 7 चार पहिया वाहनों में सवार कुछ लोग हथियारों के साथ गांव पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार, समय रहते पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस के पहुंचने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
'ऑपरेशन प्रहार 2.0' के तहत कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले भी पुलिस से की जा चुकी है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जिले में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' के तहत गांव में अवैध नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।
फिलहाल पुलिस ने ग्रामीणों से ज्ञापन प्राप्त कर लिया है। मामले में जांच और आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Anubhav Dubey 
