हनुमना तहसील भवन का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
मऊगंज के हनुमना में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने नवनिर्मित तहसील भवन का निरीक्षण किया. निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, नागरिक सुविधाओं और शेष कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए.
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज. कलेक्टर संजय कुमार जैन ने हनुमना के नवनिर्मित तहसील भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और नागरिकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और परिसर का भ्रमण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
कलेक्टर ने कहा कि भवन का प्रत्येक निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए. उन्होंने शेष निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने और जहां भी कमियां हों, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व अभिलेख कक्ष, न्यायालय कक्ष, कार्यालयीन कक्ष, प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, शौचालय और परिसर की अन्य सुविधाओं का भी अवलोकन किया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तहसील भवन में आने वाले नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों और कार्यालयीन कार्य व्यवस्थित तथा सुचारु तरीके से संचालित किए जाएं.
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी शासकीय भवन सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और जनहितकारी होने चाहिए. उन्होंने निर्माण एजेंसी को उच्च गुणवत्ता बनाए रखने और शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर कलेक्टर का ध्यान आकर्षित किया. इस पर कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि अधिवक्ताओं और आम नागरिकों के लिए बेहतर पेयजल व्यवस्था तथा आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं.
इस अवसर पर एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, संबंधित विभागों के अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे.
Anubhav Dubey 
