नर्मदापुरम के विवेक सागर की वर्ल्ड कप में एंट्री, अब भारत के लिए दिखाएंगे दम
नर्मदापुरम के हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद का चयन FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। विवेक अब बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले टूर्नामेंट में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे पूरे मध्य प्रदेश में खुशी की लहर है।
विश्व कप में चमकेगा नर्मदापुरम का सितारा, विवेक सागर प्रसाद भारतीय हॉकी टीम में शामिल, बोले- 50 साल बाद हॉकी वर्ल्ड कप होगा इंडिया के नाम।नर्मदापुरम के इटारसी स्थित ग्राम चांदौन के निवासी अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद एक बार फिर देश का मान बढ़ाने जा रहे हैं। उनका चयन FIH हॉकी विश्व कप-2026 के लिए घोषित भारतीय पुरुष हॉकी टीम में हुआ है।

15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में विवेक भारतीय टीम की ओर से मैदान में उतरेंगे। उनके चयन से पूरे जिले और मध्य प्रदेश में खुशी की लहर है।
वहीं, विवेक ने भी एक संदेश जारी कर कहा कि 1975 में इंडिया ने हॉकी वर्ल्ड कप में जीत दर्ज की थी। 50 साल बाद फिर से इंडिया वर्ल्ड कप में जीत दर्ज करेगा। हम पूरे जोश के साथ मैदान में उतरेंगे।

विवेक सागर प्रसाद लंबे समय से भारतीय हॉकी टीम के अहम सदस्य रहे हैं। उनकी तेज रफ्तार, बेहतरीन मिडफील्ड नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय अनुभव टीम की बड़ी ताकत माने जाते हैं। लगातार मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने एक बार फिर विश्व हॉकी के सबसे बड़े मंच पर जगह बनाई है।
भारतीय टीम की कप्तानी अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह करेंगे, जबकि वरिष्ठ मिडफील्डर मनप्रीत सिंह भी टीम का हिस्सा हैं। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम को अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन संतुलन बताते हुए विश्व कप में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

