Maihar: शराब पीकर बाइक चलाना पड़ा महंगा, न्यायालय ने लगाया 32,500 रुपये का जुर्माना

नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती: मैहर में यातायात पुलिस की कार्रवाई, बाइक चालक पर भारी अर्थदंड

Maihar: शराब पीकर बाइक चलाना पड़ा महंगा, न्यायालय ने लगाया 32,500 रुपये का जुर्माना

Maihar में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत यातायात पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वाले बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया, जहां कुल 32,500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई को दोपहर के समय घंटाघर चौराहे पर बाइक क्रमांक MP 35 MA 5609 चला रहे युवक का शराब के नशे में संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान सड़क से गुजर रही एक महिला बाइक की टक्कर से बाल-बाल बच गई।

मौके पर मौजूद यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाइक चालक को पकड़कर थाने पहुंचाया। मेडिकल परीक्षण में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

न्यायालय ने वाहन मालिक अतुल सिंह बघेल, निवासी जिला पन्ना पर 10 हजार रुपये और वाहन चालक अरविंद विश्वकर्मा, निवासी जिला सतना पर 22,500 रुपये का जुर्माना लगाया। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।