छत्तीसगढ़ में नक्सली IED ब्लास्ट: DRG इंस्पेक्टर समेत 4 जवान शहीद, एक गंभीर घायल
कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट: DRG के 4 जवान शहीद, डिफ्यूज करते समय हुआ धमाका
छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर शनिवार को नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED विस्फोट में बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के चार जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है। शहीदों में एक इंस्पेक्टर भी शामिल है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, फोर्स सुबह कोरोसकोडा के जंगल में सर्च ऑपरेशन के लिए निकली थी। यह अभियान सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर चलाया जा रहा था। इसी दौरान छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में जवानों को एक IED मिला, जिसे डिफ्यूज करने की कोशिश की जा रही थी। इसी बीच अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मौके पर मौजूद जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला और कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर ही तीन जवानों ने तोड़ा दम
इस हादसे में DRG के इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढपाले शहीद हो गए। वहीं, गंभीर रूप से घायल जवान परमानंद कोमरा को बेहतर इलाज के लिए रायपुर एयरलिफ्ट गया था, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में लगातार IED बरामद करने का अभियान चलाया जा रहा है। अब तक सैकड़ों IED निष्क्रिय किए जा चुके हैं, लेकिन इस बार डिफ्यूज के दौरान दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया।
Varsha Shrivastava 
