श्रीमहाकाल महोत्सव: 15 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी, देश-विदेश के विद्वान करेंगे शिव तत्व पर मंथन
उज्जैन। श्रीमहाकाल महोत्सव के अंतर्गत 15 जनवरी 2026, गुरुवार को एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है.
उज्जैन। श्रीमहाकाल महोत्सव के अंतर्गत 15 जनवरी 2026, गुरुवार को एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है. यह संगोष्ठी “शिव तत्त्व और श्रीमहाकाल: पुरातिहास, साहित्य और संस्कृति के परिप्रेक्ष्य में” विषय पर केंद्रित होगी। आयोजन वीर भारत न्यास एवं श्रीमहाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के संयुक्त तत्वावधान में 14 से 18 जनवरी 2026 तक होने वाले श्रीमहाकाल महोत्सव का प्रमुख बौद्धिक कार्यक्रम है।
संगोष्ठी का आयोजन त्रिवेणी कला एवं पुरातत्व संग्रहालय, जयसिंहपुरा, उज्जैन में प्रातः 11 बजे से सायं 4:30 बजे तक किया जाएगा। इसमें शिव तत्त्व, शिवोपासना, ज्योतिर्लिंग परंपरा तथा श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से जुड़े पुरातिहास, पुराण, पुरातत्व, इतिहास, शैव दर्शन, साहित्य, वास्तु, मुद्राशास्त्र, शिल्प और चित्रकला जैसे विषयों पर गहन विमर्श होगा।
10 से अधिक देशों और 12 से अधिक राज्यों के विद्वानों की सहभागिता
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी एवं संगोष्ठी के मुख्य समन्वयक प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा ने बताया कि संगोष्ठी में भारत सहित मॉरीशस, नीदरलैंड, फीजी, अमेरिका, ब्रिटेन, आयरलैंड, नॉर्वे, स्वीडन, थाईलैंड, श्रीलंका और नेपाल सहित दस से अधिक देशों के विद्वान भाग लेंगे। भारत के उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, केरल, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, मध्यप्रदेश, बिहार और हिमाचल प्रदेश सहित बारह से अधिक राज्यों के विशेषज्ञ अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।
प्रतिष्ठित वक्ताओं की उपस्थिति
संगोष्ठी में आयरलैंड में भारत के महामहिम राजदूत श्री अखिलेश मिश्रा सहित देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित विद्वान सहभागिता करेंगे। इनमें डॉ. रामा तक्षक (नीदरलैंड), डॉ. सोमदत्त काशीनाथ (मॉरीशस), डॉ. आशुतोष द्विवेदी (फीजी), डॉ. बीर बहादुर महतो (नेपाल), डॉ. मीरा सिंह (फिलाडेल्फिया, यूएसए), डॉ. सदाशिव कुमार द्विवेदी (वाराणसी), पद्मश्री डॉ. भगवतीलाल राजपुरोहित, पूर्व कुलपति प्रो. बालकृष्ण शर्मा (उज्जैन) सहित अनेक नाम शामिल हैं।
तकनीकी सत्रों में शोध पत्र प्रस्तुति
संगोष्ठी के विभिन्न तकनीकी सत्रों में संस्कृत एवं शैव दर्शन के विद्वान डॉ. तुलसीदास परोहा, डॉ. सदानंद त्रिपाठी, डॉ. पूजा उपाध्याय, डॉ. शुभम शर्मा, डॉ. प्रीति पांडेय, डॉ. महेंद्र पंड्या, डॉ. गोपाल कृष्ण शुक्ल, डॉ. सर्वेश्वर शर्मा, डॉ. संकल्प मिश्रा, डॉ. अखिलेश द्विवेदी, डॉ. उपेंद्र भार्गव सहित अनेक शोधकर्ता अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।
व्यापक सहभागिता से हो रहा महोत्सव का आयोजन
श्रीमहाकाल महोत्सव का आयोजन वीर भारत न्यास एवं श्रीमहाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संस्कृति संचालनालय, जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, त्रिवेणी संग्रहालय, कृषि उद्योग विकास परिषद (नई दिल्ली), उज्जैन विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन एवं नगर निगम उज्जैन की सहभागिता से किया जा रहा है।
यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी भारतीय शैव परंपरा, श्रीमहाकाल और उनकी सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक विमर्श से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगी।
shivendra 
