India-US ट्रेड डील: जीतू पटवारी बोले- मोदी कम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री, किसानों के सिर पर तलवार रखकर हुआ समझौता

भोपाल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसान विरोधी बताते हुए मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। डील पर पुनर्विचार न होने पर प्रदेश बंद की चेतावनी दी।

India-US ट्रेड डील: जीतू पटवारी बोले- मोदी कम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री, किसानों के सिर पर तलवार रखकर हुआ समझौता

भोपाल। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि यह डील भारत के किसानों के हितों के खिलाफ है और इसे दबाव में किया गया है। जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक “कम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री” हैं और किसानों के भविष्य को दांव पर लगाकर यह समझौता किया गया है।

किसानों पर तलवार रखकर की गई डील

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा, इस ट्रेड डील से भारत के किसानों पर सीधा असर पड़ेगा। यहां दूध और मक्का नहीं आएगा, लेकिन उनसे बने उत्पाद भारत में भर दिए जाएंगे। यह देश के किसानों की कमर तोड़ने की साजिश है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में खेती का बड़ा खर्च सरकार उठाती है, जबकि भारत में किसान पहले से ही कर्ज और महंगाई से जूझ रहा है।

शिवराज सिंह चौहान पर सीधा हमला

शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए जीतू पटवारी ने कहा, शिवराज सिंह चौहान किसानों की आंखों में धूल नहीं, मिर्च झोंक रहे हैं। वे खुद को किसान पुत्र कहते हैं, लेकिन असल में राजनीतिक किसान पुत्र हैं। उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री को किसानों की आवाज बनना चाहिए था, लेकिन किसान पुत्र आज किसानों की हत्या करने वाला कृषि मंत्री बन गया है।

कांग्रेस की चेतावनी, प्रदेश बंद तक जाएगा आंदोलन

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय दूसरे देशों के कृषि उत्पाद भारत में नहीं आने दिए जाते थे, ताकि देश के किसानों की सुरक्षा हो सके। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सेक्स सीडी, रूस से फ्यूल और अब अमेरिका से ट्रेड डील — हर जगह कम्प्रोमाइज्ड फैसले किए गए हैं।

जीतू पटवारी ने साफ चेतावनी दी कि अगर इस डील पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। एक दिन पूरा प्रदेश जाम रखा जाएगा। किसानों को अब जागना होगा।