BCCI का बड़ा फैसला, KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश
आईपीएल में बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को लेकर चल रहा विवाद में BCCI ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) फ्रेंचाइजी को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है।
नई दिल्ली: आईपीएल में बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को लेकर चल रहा विवाद में BCCI ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) फ्रेंचाइजी को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। इस फैसले की जानकारी BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने दी।
दरअसल, मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर में शामिल किए जाने के बाद से ही देश में विरोध के स्वर तेज़ हो गए थे। इस फैसले को लेकर केकेआर के मालिक और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा की घटनाओं के बाद बांग्लादेश के खिलाड़ी का विरोध हो रहा है।
राजनीतिक बयानबाज़ी से बढ़ा विवाद
मुस्तफिजुर को आईपीएल में खेलने देने को लेकर भाजपा और शिवसेना के कई नेताओं ने सवाल खड़े किए थे। नेताओं का कहना था कि ऐसे हालात में बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल में शामिल करना गलत संदेश देता है। इसके बाद यह मुद्दा खेल से निकलकर सामाजिक और राजनीतिक बहस का विषय बन गया।
BCCI ने किया हस्तक्षेप
विवाद बढ़ता देख BCCI ने मामले में हस्तक्षेप किया। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बयान में कहा, “देशभर में हाल के घटनाक्रमों को ध्यान में रखते हुए BCCI ने केकेआर फ्रेंचाइजी को निर्देश दिया है कि वे बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करें।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर केकेआर किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मांग करता है, तो बोर्ड उसे इसकी अनुमति देगा।
IPL पर राजनीति का असर
इस फैसले के बाद एक बार फिर यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या आईपीएल जैसे खेल आयोजन राजनीतिक और कूटनीतिक हालात से अछूते रह सकते हैं। फिलहाल, BCCI के इस कदम से विवाद पर विराम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
pushpendra 
