सतना: डायल-112 आरक्षक पर मवेशी लदे ट्रक से अवैध वसूली का आरोप, SP ने किया लाइन अटैच
सतना पुलिस आरक्षक के खिलाफ जांच के आदेश, मवेशी लोड ट्रक को रोककर कार्रवाई की धमकी देकर 7 हजार वसूले:
सतना। मंगलवार की नाइट ड्यूटी में कोलगवां थाना के डायल-112 में तैनात आरक्षक ने सुबह के वक्त मवेशी से लोड ट्रक रुकवाया। चालक और ट्रक मालिक से रुपए की मांग की। कार्रवाई की धमकी देकर 5 हजार रुपए नगद और 2 हजार रुपए फोन-पे पर लिए। आरक्षक के द्वारा अवैध वसूली का मामला संज्ञान में आने पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर जांच नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपी है।
20 हजार रुपए की थी मांग...
जानकारी के अनुसार, कोलगवां थाना में पदस्थ आरक्षक अंशुल विश्वकर्मा की ड्यूटी मंगलवार की रात डायल -112 में लगी हुई थी। बिना प्वाइंट के आरक्षक अंशुल पायलट को लेकर सतना - रीवा बाईपास में टमस नदी के पास डायल-112 लेकर पहुंचा। सुबह के वक्त आरक्षक अंशुल ने मवेशी से लोड ट्रक को रुकवाया। धमकी दी कि अगर मुंह मांगा पैसा नहीं मिला तो गाड़ी नहीं जाने दूंगा। आरक्षक ने 20 हजार रुपए की मांग की। चालक ने इतने पैसे पास न होने की बात कही, तो अंशुल ने ट्रक मालिक से बात कराने के लिए कहा।
मुझे किसी की परवाह नहीं...
आरक्षक अंशुल मवेशी से लोड ट्रक के मालिक से बात हुई, कहा कि उसे 20 हजार रुपए हर हाल में चाहिए तो उसे किसी भी अधिकारी का डर नहीं है, जहां बताना हो बता दो। डरा-धमकाकर पहले अंशुल ने 5 हजार रुपए लिए। इसके बाद मवेशी से लोड ट्रक के मालिक का दबाव बनाकर अपने फोन-पे पर 2 हजार रुपए मंगाए। आरोप है कि आरक्षक अंशुल बिना प्वाइंट के टमस नदी की तरफ गया था यह नियम के खिलाफ है। इस मामले में डायल-112 के पायलट की भूमिका भी संदेहास्पद बताई जा रही है।
सीएसपी को सौंपी गई जांच...
डायल-112 के आरक्षक अंशुल विश्वकर्मा के द्वारा 2 हजार रुपए नगद और दो हजार रुपए अपने फोन-पे पर लिए जाने की शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने शुरुआती जांच के बाद आरक्षक के आचरण को सही न पाते हुए तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया। इस मामले की जांच सीएसपी को सौंपी गई है। कोलगवां थाना प्रभारी ने बताया कि आरक्षक अंशुल को बुधवार की दोपहर ही थाने से रिलीव कर लाइन आमद दर्ज कराने के लिए रवाना कर दिया गया है।
Varsha Shrivastava 
