गृह मंत्री अमित शाह से मिले BJP MLA संजय पाठक, दोनों नेताओं की मुलाकात के निकाले जा रहे सियासी मायने

बेहद व्यस्त चुनावी कार्यक्रम के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक से मुलाकात की, जिसने मध्य देश में सियासत में हलचल बढ़ा दी है।

गृह मंत्री अमित शाह से मिले BJP MLA संजय पाठक, दोनों नेताओं की मुलाकात के निकाले जा रहे सियासी मायने

बेहद व्यस्त चुनावी कार्यक्रम के बीच केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक से मुलाकात की है। नई दिल्ली स्थित आवास पर हुई दोनों नेताओं की मुलाकात ने मध्य प्रदेश के सियासी गलियारे में हलचल मचा दी है। पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक संजय पाठक को समय देना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इस मुलाकात को सिर्फ एक सौजन्य भेंट नहीं बल्कि किसी बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

दोनों नेताओं की मुलाकात केवल एक ‘सौजन्य भेंट’

यह मुलाकात प्रदेश भाजपा के भीतर और बाहर दोनों जगह नई अटकलों को जन्म दे रही है। बताया जा रहा है कि संजय पाठक काफी समय तक वहां रहे। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश भाजपा की गतिविधियों और सरकारी कार्यों के साथ उनके विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में अमित शाह को अवगत कराया। कटनी जिले और विशेष रूप से विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में संजय पाठक समर्थकों में भी इस मुलाकात को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ता इसे अपने नेता के बढ़ते कद और पार्टी में उनकी मजबूत पकड़ के तौर पर देख रहे हैं।

हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस मुलाकात को केवल एक ‘सौजन्य भेंट’ बताया जा रहा है, लेकिन जिस समय और परिस्थितियों में यह दिल्ली में हुई है, वह इसे सामान्य से कहीं अधिक महत्वपूर्ण बनाती है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि संजय पाठक को संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है या फिर उन्हें पार्टी में कोई नया पद सौंपा जा सकता है, जिससे कटनी और आसपास के क्षेत्रों में भाजपा की स्थिति और मजबूत हो सके। यह मुलाकात संजय सत्येंद्र पाठक के राजनीतिक करियर में कोई नया मोड़ लाएगी है या फिर मध्य प्रदेश भाजपा की चुनावी रणनीति में कोई अहम बदलाव का कारण बनती है ये आने वाले दिनों में देखना दिलचस्प होगा। 

संजय पाठक का बड़ा ऐलान, 51% से कम समर्थन मिला तो देंगे इस्तीफा

हाल ही में विजयराघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय पाठक ने अपने कार्यकाल का आकलन जनता से कराने का फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की थी कि यदि इस बार होने वाले सर्वे में उन्हें 51 प्रतिशत से एक भी वोट कम मिलता है, तो वे विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। संजय पाठक ने कहा कि उनके पांचवें कार्यकाल का आधा समय पूरा हो चुका है। इस दौरान विपक्ष, सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से उन पर कई आरोप लगाए गए, जिन्हें उन्होंने निराधार बताया। इसी कारण उन्होंने दोबारा जनता के बीच जाकर अपने काम का मूल्यांकन कराने का निर्णय लिया है।

उन्होंने जानकारी दी कि जून माह में इस आकलन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसमें ऑनलाइन वोटिंग के साथ-साथ सरकारी भवनों में मतपेटियों के जरिए भी मतदान कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह उनका व्यक्तिगत निर्णय है और इसमें  पार्टी की कोई भूमिका नहीं है। संजय पाठक ने दोहराया कि यदि उन्हें 51 प्रतिशत से कम समर्थन मिलता है, तो वे बिना किसी हिचकिचाहट के विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे।