नगर निगम ने टैक्स वसूली में दिखाई सख्ती, लगातार कुर्की से मचा हड़कंप

नगर निगम रीवा ने संपत्तिकर वसूली के लिए कुर्की कार्रवाई की, जिससे जोन 04 में अफरा तफरी का माहौल बन गया और फिर 9 बड़े बकायादारों ने मौके पर ही टैक्स जमा किया।

नगर निगम ने टैक्स वसूली में दिखाई सख्ती, लगातार कुर्की से मचा हड़कंप

शहर के विकास के कामो को आगे बढ़ाने और अपनी आमदनी मजबूत करने के लिए नगर निगम रीवा ने संपत्तिकर वसूली को लेकर सख्त कदम उठाए हैं।

नगर निगम कमिश्नर के कहने पर निगम की राजस्व टीम लगातार बड़े प्रॉपर्टी टैक्स बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। जिन लोगों ने कई बार सूचना देने के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया था, उनके यहां कुर्की (संपत्ति जब्त करने) की कार्रवाई की गई।

इसी के चलते गुरूवार को जोन क्रमांक 04 में नगर निगम की टीम 09 जगहों पर कुर्की करने पहुंची। कार्रवाई के दौरान सभी 09 बड़े बकायादारों ने मौके पर ही अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स कर दिया।

कुर्की की कार्रवाई के दौरान इन लोगो ने अपना बकाया टैक्स जमा किया:

  • मिथिलेश प्रसाद तिवारी – ₹1,18,752
  • ठाकुरदास – ₹1,15,488
  • दिलीप कुमार – ₹55,122
  • आनंदराम – ₹90,378
  • सत्यप्रकाश – ₹44,335
  • महेश गुप्ता – ₹57,158
  • नरेंद्र सिंह – ₹64,724
  • उदयभान सिंह – ₹68,927
  • रघुराई यादव – ₹62,919

इस दौरान नगर निगम के उपायुक्त, सहायक आयुक्त, राजस्व अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, अतिक्रमण प्रभारी और उप-राजस्व निरीक्षक मौके पर मौजूद रहे।

नगर निगम ने बताया कि इन बकायादारों को पहले कई बार नोटिस दिए गए थे। तय समय में टैक्स जमा नहीं करने पर मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के तहत अंतिम नोटिस जारी की गई थी। इसके बाद भी भुगतान नहीं होने पर कुर्की की कार्रवाई की गई।

नगर निगम ने साफ कहा है कि बड़े बकायादारों के खिलाफ ये कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। कानून के मुताबिक टैक्स न देने वालों की चल और अचल संपत्ति जब्त की जा सकती है।

नगर निगम की अपील 

आखिरी में नगर निगम रीवा ने सभी नागरिकों और संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे टाइम पर अपना प्रॉपर्टी टैक्स और बाकी टैक्स जमा करें और शहर के डेवलवमेंट में सपोर्ट करें।