AR Rehman के बयान पर विवाद: जावेद अख्तर के बाद कंगना रनोट भड़की, कहा- आप नफरत में अंधे

पॉपुलर म्यूज़िक कंपोज़र ए.आर. रहमान के उस बयान पर विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि पिछले आठ सालों से उन्हें सांप्रदायिक कारणों से बॉलीवुड में काम नहीं मिल रहा।

AR Rehman के बयान पर विवाद: जावेद अख्तर के बाद कंगना रनोट भड़की, कहा- आप नफरत में अंधे
GOOGLE

पॉपुलर कंपोजर और सिंगर एआर रहमान (AR Rehman) ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें सांप्रदायिक वजहों से पिछले 8 सालों से बॉलीवुड में काम नहीं दिया जा रहा है। जावेद अख्तर के बाद अब कंगना रनोट भी एआर रहमान के बयान पर भड़क गईं। एक्ट्रेस ने कंपोजर की आलोचना करते हुए बताया है कि वो चाहती थीं कि एआर रहमान उनके डायरेक्शन की फिल्म इमरजेंसी का नरेशन करें, लेकिन उस समय कंपोजर ने ये कहते हुए इनकार कर दिया कि वो किसी प्रोपगेंडा फिल्म का हिस्सा नहीं बनना चाहते। विवाद बढ़ने पर अब एआर रहमान ने सफाई देते हुए कहा है कि वो किसी को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते थे।

कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट 

प्रिय एआर रहमान जी, फिल्म इंडस्ट्री में मुझे बहुत भेदभाव और पक्षपात का सामना करना पड़ता है, सिर्फ इसलिए क्योंकि मैं एक केसरिया पार्टी का समर्थन करती हूं। लेकिन मुझे यह कहना ही पड़ेगा कि आपसे ज्यादा पूर्वाग्रही और नफरत से भरा इंसान मैंने आज तक नहीं देखा।

आगे कंगना ने लिखा, 'मैं बहुत चाहती थी कि आप मेरे डायरेक्शन की फिल्म “इमरजेंसी” के लिए नरेशन दें, लेकिन आपने मुझसे मिलने तक से मना कर दिया। मुझे बताया गया कि आप किसी “प्रोपेगेंडा फिल्म” का हिस्सा नहीं बनना चाहते। हैरानी की बात यह है कि इमरजेंसी को सभी आलोचकों ने एक बेहतरीन फिल्म बताया। यहां तक कि विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने भी मुझे चिट्ठियां भेजकर फिल्म की तारीफ की, खास तौर पर इसके संतुलित और संवेदनशील नजरिए के लिए। लेकिन आप अपनी नफरत में अंधे हो चुके हैं। मुझे आपके लिए अफसोस होता है।'

कंगना के इस बयान के बाद एआर रेहमान ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर सफाई दी है. जिसमें उन्होंने कहा, 'प्रिय दोस्तों, संगीत हमेशा से मेरे लिए जुड़ने, जश्न मनाने और किसी संस्कृति को सम्मान देने का माध्यम रहा है। भारत मेरी प्रेरणा है, मेरा गुरु है और मेरा घर है। मैं समझता हूं कि कई बार लोगों की नीयत को गलत समझ लिया जाता है, लेकिन मेरा उद्देश्य हमेशा संगीत के जरिए लोगों को ऊपर उठाना, सम्मान देना और सेवा करना ही रहा है।'

जावेद अख्तर, शान, शोभा डे ने की बयान की आलोचना

जावेद अख्तर ने रहमान के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। निजी न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा, 'मुझे ऐसा कभी नहीं लगा। मैं मुंबई में रहता हूं, सबसे मिलता हूं। रहमान को बहुत सम्मान मिलता है। वहीं सिंगर शोभा डे ने भी एआर रहमान के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा, 'ये एक बहुत खतरनाक टिप्पणी है। मुझे नहीं पता उन्होंने ऐसा क्यों कहा। मैं 50 सालों से बॉलीवुड में हूं। ये वो जगह है जहां सांप्रदायिक चीजों की जगह नहीं है।'

सिंगर शान ने भी कंपोजर के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा, 'जहां तक काम न मिलने की बात है, तो आपके सामने मैं भी खड़ा हूं। मुझे भी काम नहीं मिल रहा। मैं इसमें नहीं जाता। सबकी पर्सनल बात होती है। सबकी अपनी सोच है। हमें कितना काम मिलना चाहिए, ये हमारे हाथ में नहीं है।'

पहले क्या हुआ था? 

एआर रहमान ने हाल ही में निजी न्यूज चैनल को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि मैं काम की तलाश नहीं करता। काम मेरे पास खुद आए, मेरी ईमानदारी से मिले। उन्होंने साफ किया कि यह मंदी उनके आत्मसम्मान को प्रभावित नहीं करती। रहमान ने साम्प्रदायिक एंगल पर भी सीधे बात की। हालांकि, उन्होंने कहा है कि उनके सामने किसी ने ऐसी बात नहीं की है, लेकिन कुछ खुसफुसाहट सुनाई देती हैं।