भोपाल: कांग्रेस में 18 जिलों में संगठन महासचिव, 14 प्रकोष्ठ अध्यक्ष नियुक्त

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने 18 जिलों में संगठन महासचिव और 14 प्रकोष्ठ अध्यक्षों की नियुक्ति की है.

भोपाल: कांग्रेस में 18 जिलों में संगठन महासचिव, 14 प्रकोष्ठ अध्यक्ष नियुक्त

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में लंबे समय से अटकी संगठनात्मक नियुक्तियां को लेकर कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है. हाल ही में राहुल गांधी के साथ दिल्ली में हुई बैठक के बाद कांग्रेस संगठन ने 18 जिलों में संगठन महासचिव और 14 प्रकोष्ठ अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है.

दिल्ली बैठक के बाद कायस जताए जा रहे थे कि राहुल गांधी ने संगठनात्मक नियुक्तियों में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जाहिर की थी. जिसके बाद प्रदेश संगठन हरकत में आया और फैसलों में तेजी आई

तीन जिलों की जिला कार्यकारिणी घोषित

मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन ने सागर, छिंदवाड़ा और मऊगंज जिलों की जिला कार्यकारिणी की भी घोषणा कर दी है. इन नियुक्तियों में उन नेताओं को प्राथमिकता दी गई है, जो लंबे समय से संगठन में भूमिका की मांग कर रहे थे या असंतुष्ट चल रहे थे.

असंतुष्ट नेताओं को संगठन में एडजस्ट

सूत्रों के अनुसार, नई नियुक्तियों में ज्यादातर असंतुष्ट नेताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारी देकर संतुलन साधने की कोशिश की गई है. कुल 18 जिलों में संगठन महासचिव नियुक्त किए गए हैं.

सागर में राजकुमार पचौरी को अहम जिम्मेदारी

सागर जिले में पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके राजकुमार पचौरी को जिला संगठन महासचिव बनाया गया है. पचौरी दोबारा जिलाध्यक्ष बनने की दौड़ में थे, और उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का समर्थक माना जाता है. उनकी नियुक्ति को संगठनात्मक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है. 

सिंगरौली में दो महासचिव नियुक्त

सिंगरौली जिले में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्र में संकठा सिंह और शहर क्षेत्र में सुरेश कुमार दुबे को संगठन महासचिव नियुक्त किया गया है.

आगामी चुनावों को देखते हुए कवायद

कांग्रेस की यह पूरी कवायद आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है. पार्टी नेतृत्व संकेत दे चुका है कि आगे भी चरणबद्ध तरीके से संगठनात्मक नियुक्तियां की जाएंगी.