लाखों के बिल, घंटों अंधेरा: MPEB कार्यालय पर गरजे उपभोक्ता
मऊगंज के हनुमना में बिजली व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला-बोल, बारिश में भी डटे रहे प्रदर्शनकारी, एसडीएम के सामने अधिकारियों ने मानी बिलों में गड़बड़ी, 15 दिन में निराकरण का आश्वासन
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था और मनमानी बिलिंग के खिलाफ हनुमना में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। MPEB कार्यालय परिसर में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में रिमझिम बारिश के बावजूद सैकड़ों उपभोक्ता और कांग्रेस कार्यकर्ता डटे रहे, धरना प्रदर्शन का दौरा कई घंटे तक जारी रहा।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में मुख्य रूप से चार मांगें उठाई गईं। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से कई गुना अधिक राशि के भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं, मीटर रीडिंग मनमाने ढंग से की जा रही है, बिना किसी पूर्व सूचना के विद्युत कनेक्शन काटे जा रहे हैं और क्षेत्र में जर्जर केबलों और जले ट्रांसफार्मरों के कारण अघोषित कटौती से आम जनजीवन त्रस्त है।

धरना स्थल पर कई उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिल अधिकारियों को दिखाए। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके घर का साल भर का बिल लाखों रुपये में पहुंच गया है, जो उनकी खपत से मेल नहीं खाता। किसानों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद हफ्तों तक बदले नहीं जाते, जिससे सिंचाई प्रभावित हो रही है।
समस्या का निदान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने कहा, "हनुमना और मऊगंज क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गरीब उपभोक्ता गलत बिलों के बोझ तले दबा है। यदि 15 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं की समस्याओं का विधिवत निराकरण नहीं किया गया, तो कांग्रेस ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।"
उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि प्रत्येक सब-स्टेशन पर शिविर लगाकर मौके पर ही बिल सुधार और शिकायतों का निपटारा किया जाए। इस दौरान उन्होंने रीवा-मिर्जापुर रेल लाइन की बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर भी जल्द आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा। SDM राजेश मेहता, विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री रविंद्र कौशल, सहायक यंत्री तथा हनुमना थाना प्रभारी राजेश पटेल पुलिस बल के साथ उपस्थित रहे।
विभागीय अधिकारियों ने दिया लिखित आश्वासन
उपभोक्ताओं की शिकायतों पर कार्यपालन यंत्री रविंद्र कौशल ने कई बिलों में तकनीकी त्रुटि होने की बात स्वीकार की। SDM राजेश मेहता की मौजूदगी में विभाग ने लिखित आश्वासन दिया कि 15 दिन के अंदर सभी त्रुटिपूर्ण बिलों की जांच कर सुधार किया जाएगा, रविवार तक क्षेत्र के सभी जले हुए ट्रांसफार्मरों को बदल दिया जाएगा साथ ही आगामी सप्ताह से विभिन्न सब-स्टेशनों पर शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
धरने को जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज के अध्यक्ष हरिलाल आदिवासी, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाकांत पटेल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शिवलाल साकेत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा, मंडलम अध्यक्ष दिव्यकांत त्रिपाठी,
सीताशरण विश्वकर्मा, अमृतलाल शुक्ला, रोहित पटेल सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। अंत में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया और आश्वासन के बाद धरना शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
Varsha Shrivastava 
